Bihar

कोसी नदी का रौद्र रूप: पंचगछिया गांव में बढ़ा कटाव, कई परिवारों पर संकट

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

सुपौल (SUPAUL): बिहार के सुपौल जिले के किशनपुर अंचल अंतर्गत मौजहा पंचायत के वार्ड 14 स्थित पंचगछिया गांव में कोसी नदी का भीषण कटाव लगातार जारी है. कटाव की चपेट में आकर सरकारी जल नल योजना के तहत बनी मिनी पानी टंकी और उससे जुड़ा चदरायुक्त भवन नदी में समा गया. यह पानी टंकी रामविलास कुमार के घर के पास स्थापित थी, जिसे देखते ही देखते तेज धारा अपने साथ बहा ले गई. घटना के बाद गांव में भय और असुरक्षा का माहौल है.

नदी लगातार आबादी की ओर बढ़ रही है

ग्रामीणों का कहना है कि कोसी नदी का जलस्तर घटने के साथ कटाव और तेज हो जाता है. नदी लगातार आबादी की ओर बढ़ रही है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है. उनका कहना है कि यदि जल्द कटाव रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कई और घर, सरकारी संपत्तियां तथा कृषि भूमि नदी में समा सकती हैं.

ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी

रामकुमार, रामेश्वर कुमार, कृष्ण कुमार, रघुनाथ शाह, बुलेटिन यादव, सीताराम यादव, उपेंद्र यादव, धनीलाल यादव और जयराम यादव सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि जल संसाधन विभाग के अधिकारी लगातार स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं. हालांकि अब तक कटाव रोकने के लिए कोई ठोस कार्य शुरू नहीं हुआ है. इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी बढ़ती जा रही है.

कई परिवार बेघर हो जाएंगे

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तत्काल कटाव निरोधी कार्य शुरू करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि शीघ्र सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो गांव के कई परिवार बेघर हो जाएंगे और भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा.

भविष्य को लेकर चिंतित

किशनपुर के प्रभारी अंचलाधिकारी जियाउल कमर ने बताया कि अब तक कटाव की चपेट में आकर 15 घर नदी में विलीन हो चुके हैं। प्रभावित परिवारों का प्रतिवेदन तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को आगे की कार्रवाई के लिए आवश्यक निर्देशों का इंतजार है। फिलहाल गांव के लोग हर पल बढ़ते कटाव के बीच अपने घर और भविष्य को लेकर चिंतित हैं.

 

TagsBihar