Bihar

BREAKING: सुपौल जिले में बड़ा नाव हादसा, दर्जनों लोग कोसी नदी में डूबे, कई लापता 

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
BREAKING: सुपौल जिले में बड़ा नाव हादसा, दर्जनों लोग कोसी नदी में डूबे, कई लापता 

सुपौल (SUPAUL): सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में मंगलवार को कोसी नदी में एक बड़ा नाव हादसा हो गया.जहां बनेनिया घाट से दर्जनों ग्रामीण नाव पर सवार होकर नदी पार स्थित पलार क्षेत्र में मूंग तोड़ने जा रहे थे.इसी दौरान कोसी नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई.

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग नदी में बह गए.महिलाओं ने बताया कि नाव पर उसकी क्षमता से अधिक लोग सवार थे. नदी के बीच पहुंचने के बाद अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई.स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और नदी में डूब रहे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया. ग्रामीणों की मदद से चार से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि कई अन्य लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है.

कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं

हालांकि नाव पर कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है. प्रशासन भी यात्रियों की वास्तविक संख्या का पता लगाने में जुटा हुआ है. हादसे की सूचना मिलते ही सरायगढ़-भपटियाही अंचल प्रशासन सक्रिय हो गया.अंचलाधिकारी (सीओ), भपटियाही थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार दुबे तथा अन्य अधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

रेस्क्यू किए गए लोगों का चल रहा है इलाज 

नदी से सुरक्षित निकाले गए लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है.प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.स्थानीय गोताखोरों और राहत टीमों की भी मदद ली जा रही है.फिलहाल हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. प्रारंभिक तौर पर नाव पर अधिक लोगों के सवार होने की बात कही जा रही है.प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और लापता लोगों का पता लगाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है.