मोतिहारी (MOTIHARI) : परीक्षा में कथित पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज की खबर के बाद देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी, रक्सौल, ढाका, कल्याणपुर, चकिया समेत कई इलाकों में छात्र-छात्राओं ने लगातार तीसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन किया.
पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में
छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए मोतिहारी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इंडो-नेपाल सीमा से लेकर जिला मुख्यालय तक पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले के सभी छह अनुमंडलों और करीब 75 थाना क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की.
अफवाह या उकसावे में आने से बचें
पुलिस अधिकारियों ने महाविद्यालयों, कॉलेजों और छात्रावासों में जाकर छात्र-छात्राओं से बातचीत की. उन्हें समझाया गया कि किसी भी स्थिति में कानून हाथ में न लें और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखें. पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह या उकसावे में आने से बचें.
अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
वहीं, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने पुलिस लाइन पहुंचकर दंगा नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान पुलिस बल को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.जिले में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है.
प्रशासन की लगातार हालात पर नजर
हालांकि, मोतिहारी में तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में छात्रों ने शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन किया. जिले के विभिन्न अनुमंडलों और थाना क्षेत्रों में भी प्रदर्शन जारी रहा. राहत की बात यह रही कि अब तक कहीं से भी पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच किसी तरह के टकराव, हिंसा या तनाव की सूचना नहीं मिली है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है.
