☰
SPORTS

सीनियर महिला टी-20 मैच में बिहार का दिखा दम, नागालैंड की टीम को 68 रनों से हराया

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी प्लेट प्रतियोगिता में बिहार महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नागालैंड महिला टीम को 68 रनों से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की. सोमवार को सोविमा क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में बिहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए. बिहार की बल्लेबाजी में प्रगति सिंह 27 रन तथा अपूर्वा ने 50 गेंद में 6 चौका लगाकर नाबाद 54 रन बनाया तो वहीं वैदही ने 39 गेंद में 7 चौका लगाकर नाबाद 50 रन बनाया.

143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागालैंड की टीम बिहार की अनुशासित गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई और निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर महज 74 रन ही बना सकी. इस तरह बिहार ने मुकाबले को 68 रनों से अपने नाम कर लिया. बिहार की गेन्दबाजी में आर्य सेठ ने 4 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट चटकाया। नूतन, तेजस्वी और अपूर्वा को 1-1 विकेट मिला. वहीं आज बिहार की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेट खिलाड़ी नूतन कुमारी ने नागालैंड के विरुद्ध खेले गए मुकाबले में बिहार सीनियर महिला T20 क्रिकेट टीम की ओर से अपना पदार्पण किया. यह उपलब्धि नूतन कुमारी के क्रिकेट करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उनके पदार्पण से बिहार महिला क्रिकेट को नई पहचान और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

बिहार की टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतरीन तालमेल दिखाया. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने केवल एक विकेट गंवाकर 142 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. इसके बाद गेंदबाजों ने नागालैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और लगातार दबाव बनाए रखा. इस जीत के साथ बिहार महिला टीम ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है. प्लेयर ऑफ द मैच अपूर्वा कुमारी बनी. इस दौरान निर्णायक की भूमिका में विकास भट्ट और अंकुर जुल्का रहे जबकि मैच रेफरी की भूमिका में समुद्रला वनिता वाइला थे.