सिवान(SIWAN):बिहार के सिवान जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां गड्ढे में गिरकर तीन नाबालिगों की दर्दनाक मौत हो गई है. यह पूरा मामला सिवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के खुदाई बारी गांव का है. बताया जा रहा है कि तीन बच्चे नहाने के दौरान इस हादसे का शिकार हो गए, जहां जेसीबी से खोदे गए गहरे गड्ढे में नहाने गए और इसमें गिरकर उनकी मौत हो गई. इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया है. हालांकि, परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम किए ही तीनों के शव को दफना दिया है.
गड्ढे में गिरकर तीन नाबालिगों की दर्दनाक मौत
हादसे में मरने वाले तीनों की पहचान खुदाई बारी निवासी फहीमुद्दीन अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र इमरान अंसारी, मोनू हुसैन के 11 वर्षीय पुत्र तौफीक अहमद और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छाप गांव निवासी इंसाद अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र आदिल अंसारी के रूप में हुई है. जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक शनिवार की रात करीब 8:00 बजे से 10:00 बजे के बीच साइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल के पास जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में नहा रहे थे. इस दौरान इमरान, तौफीक और आदिल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम के ही दफनाया शव
इसको देखकर बच्चों ने शोर भी मचाया. आस-पास के लोगों को जब आवाज सुनाई दी तो लोग वहां पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया. वहीं, दूसरे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.हादसे की खबर जैसे ही बच्चों के परिजनों को मिली, वहां चीख-पुकार मच गई. परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम के ही तीन बच्चों के शव को दफना दिया है.
