सीवान(SIWAN): सिवान के आंदर नगर पंचायत में सफाई कार्य की निगरानी कर रहे सुपरवाइजरों के साथ मारपीट और लूटपाट की एक गंभीर घटना सामने आई है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि उनके साथ न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि उन्हें धमकाया गया और रुपये भी छीन लिए गए.जानकारी के अनुसार, दो सुपरवाइजर वार्ड नंबर-6 में सफाई कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे.उसी दौरान वहां कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
पूर्व MLC के परिजनों पर भी संलिप्तता के आरोप
पीड़ितों का आरोप है कि इसके बाद करीब 8 से 10 लोग मौके पर पहुंचे. इनमें पूर्व MLC के परिजनों के शामिल होने की बात भी कही जा रही है.इन लोगों नेर सुपरवाइजरों पर हमला किया, जिसमें लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पिस्टल की बट का इस्तेमाल किया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
60000 लूटने का भी आरोप
इसके बाद पीड़ितों का यह भी आरोप है कि उन्हें जबरन एक अन्य स्थान पर ले जाया गया और वहां फिर से उनके साथ मारपीट की गई साथ ही, उन पर सरकारी काम बंद करने का दबाव बनाने और धमकी देने की भी बात सामने आई है.घटना के दौरान लगभग 60 हजार रुपये, जो कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए रखे गए थे, छीन लिए जाने का भी आरोप लगाया गया है.घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है.पीड़ित पक्ष ने आंदर थाने में आवेदन देकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
