सीवान (SIWAN): बिहार के सीवान में युवती के कथित अपहरण और दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस जांच में वीएम हाई स्कूल के पास से युवती के अपहरण की बताई गई कहानी प्रथम दृष्टया भ्रामक पाई गई है. मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. घटना की सूचना डायल-112 को करीब छह घंटे बाद मिली थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीवान के एसपी पूरन कुमार झा ने तत्काल चार पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू कराई. पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, साथ ही कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती का बलेथा निवासी अभिषेक वर्णवाल से पिछले वर्ष दिसंबर से संपर्क था. पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन अभिषेक अपने एक साथी के साथ दोनों युवतियों को लेकर शहर के एक होटल में गया था. पुलिस ने होटल के कमरे की जांच कर वहां से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. जांच एजेंसियां अब इन साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हैं. पुलिस के मुताबिक, होटल में कुछ समय बिताने के बाद दोनों युवक युवतियों को घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे छोड़कर वहां से फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने अपहरण की बताई गई घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की, लेकिन अब तक उपलब्ध साक्ष्यों से अपहरण की पुष्टि नहीं हो सकी है.
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवती के बयान को आधार बनाकर दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है. दोनों आरोपित युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. साथ ही उस होटल की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जहां दोनों युवतियों को ले जाने की बात सामने आई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सामने आए सभी वैज्ञानिक, तकनीकी और अन्य साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का दावा है कि घटना से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने के लिए CCTV फुटेज, कॉल डिटेल, होटल से मिले साक्ष्य और युवती के बयान को जांच का आधार बनाया गया है.
