सीतामढ़ी: छठ महापर्व के समापन के दिन सीतामढ़ी में एक बड़ा हादसा हुआ है. सोमवार की सुबह सड़क हादसा में दो चचेरे भाई जख्मी हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया. घटना सीतामढ़ी जिलांतर्गत बैरगनिया - सीतामढ़ी सड़क पर वंशी चाचा सेतु के समीप की है. बताया जा रहा है कि दोनों भाई छठ पर्व का अर्घ्य देने के बाद बागमती पुल के पास रील बनाने जा रहे थे, इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. घायल की पहचान मसहां नरोत्तम गांव निवासी मुकेश कुमार और मोनू कुमार के रूप में की गई.
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि छठ पूजा के बाद दोनों युवक बाइक से बागमती पुल के समीप रील बनाने के लिए जा रहे थे, इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई वहीं स्थानीय लोगों ने आननफानन में दोनों को बैरगनिया पीएचसी पहुंचाया. पीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रेफर कर दिया.
हादसे की सूचना मिलने पर बैरगनिया थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की. पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सीतामढ़ी-बैरगनिया सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई. लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सड़क को दो लेन किया जाना चाहिए, ताकि आवागमन अधिक सुरक्षित हो सके.