Bihar

नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के 106 तीर्थयात्रियों का सफल रेस्क्यू, सीतामढ़ी प्रशासन ने की मदद

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

सीतामढ़ी (SITAMARHI) : नेपाल में अचानक आई फ्लैश फ्लड के कारण मुश्किल में फंसे महाराष्ट्र के 106 तीर्थयात्रियों के लिए सीतामढ़ी जिला प्रशासन मददगार बनकर सामने आया. बिहार सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने नेपाल सीमा से सभी यात्रियों को सुरक्षित भारत लाने की व्यवस्था की. रेस्क्यू के बाद यात्रियों को सीतामढ़ी लाया गया, जहां उनकी जरूरतों का ध्यान रखते हुए भोजन, पेयजल समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं.

महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर शुरू हुई पहल 

महाराष्ट्र के तीर्थयात्रियों का दल नेपाल की धार्मिक यात्रा पर गया था. इसी दौरान अचानक आई बाढ़ और खराब हालात के कारण 106 यात्री काठमांडू में फंस गए. यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए महाराष्ट्र सरकार की ओर से मदद मांगी गई. इसके बाद बिहार सरकार के निर्देश पर 28 अगस्त को सीतामढ़ी जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और यात्रियों को नेपाल से निकालकर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई.

सीमा से सीतामढ़ी तक यात्रियों को मिला एस्कॉर्ट 

नेपाल से भारतीय सीमा तक पहुंचने के बाद प्रशासन की टीम ने तीर्थयात्रियों की जिम्मेदारी संभाली. सभी यात्रियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच एस्कॉर्ट करते हुए सीतामढ़ी लाया गया. प्रशासन ने इस बात का भी ध्यान रखा कि लंबी और मुश्किल यात्रा के बाद तीर्थयात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो. सीतामढ़ी पहुंचने पर उनके लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल और दूसरी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई. आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी 106 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित तरीके से महाराष्ट्र के लिए रवाना कर दिया गया.

यात्रियों ने प्रशासन की व्यवस्था को सराह 

नेपाल से सकुशल लौटने के बाद तीर्थयात्रियों ने राहत और बचाव अभियान में सहयोग के लिए बिहार सरकार और सीतामढ़ी जिला प्रशासन का आभार जताया. तीर्थयात्री श्याम सुंदर अग्रवाल ने भी प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था और मदद की सराहना की. इस पूरे राहत अभियान में अलग-अलग स्तर पर समन्वय स्थापित कर यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गई. अभियान की विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय की ओर से भी प्रशंसा की गई. नेपाल में प्राकृतिक आपदा के बीच फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने और उनकी आवश्यकताओं की व्यवस्था करने की सीतामढ़ी प्रशासन की इस पहल ने आपदा के समय त्वरित समन्वय और राहत व्यवस्था का उदाहरण पेश किया.

 

TagsBihar