Bihar

सीतामढ़ी में श्रीराम-जानकी मठ के पुनर्निर्माण का शुभारंभ, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे ने की पूजा-अर्चना

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

सीतामढ़ी (SITAMARHI) : गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर जिले के राघोपुर बखरी स्थित प्राचीन श्रीराम-जानकी मठ के पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार चौबे ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा और स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

पहल रामायण रिसर्च काउंसिल द्वारा की गई

बताया गया कि इस ऐतिहासिक मठ के पुनर्निर्माण की पहल रामायण रिसर्च काउंसिल द्वारा की गई है. इससे पहले श्रीजानकी नवमी के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मठ के पुनर्निर्माण के लिए भूमि-पूजन किया था. अब गुरुपूर्णिमा के शुभ अवसर पर निर्माण कार्य शुरू होने से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है.

आस्था, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र

पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार चौबे ने कहा कि श्रीराम-जानकी मठ केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि यह क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है. उन्होंने कहा कि मठ का पुनर्निर्माण होने से इसकी प्राचीन गरिमा फिर से स्थापित होगी और आने वाली पीढ़ियों को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा.

इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा

उन्होंने यह भी कहा कि सीतामढ़ी माता सीता की जन्मस्थली के रूप में विश्वभर में प्रसिद्ध है. ऐसे में श्रीराम-जानकी मठ का भव्य स्वरूप श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा.इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है.

धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा

कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई. श्रद्धालुओं ने मठ के शीघ्र निर्माण और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस ऐतिहासिक मठ के पुनर्निर्माण की प्रतीक्षा थी जो अब पूरी होती दिखाई दे रही है. लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि पुनर्निर्माण के बाद श्रीराम-जानकी मठ क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा.

TagsBihar