सीतामढ़ी (SITAMARHI): बिहार के सीतामढ़ी जिले में पुलिस की डायल-112 गाड़ी से शराब लूटे जाने का मामला सामने आया है. सुप्पी थाना क्षेत्र के ससौला सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के सामने पुलिस वाहन और एक मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग घायल हो गए. उन्हें पुलिस टीम ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. इसी दौरान पुलिस वाहन में रखी शराब की बोतलें निकालकर ले जाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस वाहन से शराब की बोतलें लेकर भागे लोग
जानकारी के अनुसार, पुलिस की डायल-112 गाड़ी में एक झोले में करीब 10 से 12 शराब की बोतलें रखी थीं. बताया जा रहा है कि पुलिस टीम शराब कारोबारी का पीछा कर रही थी. इसी दौरान ससौला अस्पताल के पास पुलिस वाहन और बाइक के बीच दुर्घटना हो गई. हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोग पुलिस वाहन के पास पहुंचे और उसमें रखी शराब की बोतलें निकालकर भागने लगे. वायरल वीडियो में पुलिस गाड़ी के आसपास लोगों की भीड़ और शराब की बोतलें ले जाते कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं. घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे.
शराब कारोबारी का पीछा करते समय हुआ हादसा
सीतामढ़ी पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि डायल-112 की टीम ने शराब बरामद की थी और शराब कारोबारी का पीछा कर रही थी. इसी दौरान ससौला अस्पताल के पास पुलिस वाहन की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई. दुर्घटना में एक बुजुर्ग व्यक्ति घायल हुए, जिन्हें पुलिस टीम ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया. पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने वाहन से शराब निकाल ली.
वीडियो के आधार पर प्राथमिकी, तीन पुलिसकर्मी निलंबित
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर डायल-112 वाहन से शराब निकालने वाले 5 से 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ सुप्पी थाना में प्राथमिकी दर्ज की है. वहीं, डायल-112 टीम की कार्यप्रणाली में लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार, चालक रनेश कुमार चौधरी और होमगार्ड शिवप्रसाद राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर कार्रवाई की जाएगी.
