सीतामढ़ी: एक तरफ पूरे बिहार में छठ महापर्व को लेकर खुशी का माहौल है तो दूसरी तरफ सीतामढ़ी में मातम पसर गया. छठ महापर्व के पहले दिन घाट तैयार करने के दौरान एक युवक की डूब कर मौत हो गई. युवक के डूबने के बाद इलाके में मातम और शोक का माहौल हो गया वहीं परिजनों में कोहराम मच गया. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई. घटना सीतामढ़ी के रीगा थाना क्षेत्र के अन्हारी पंचायत के मरार गांव की है. मृतक की पहचान स्थानीय शुभम कुमार झा के रूप में की गई.
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कुछ लोग मिल कर छठ पूजा के लिए गांव में स्थित पोखर पर घाट बनाने गए थे. इस दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे जब तक युवक को पानी से निकाला तब तक देर हो चुकी थी. घटना के बाद परिजन समेत गांव में कोहराम मच गया. घटना की सूचना पर रीगा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई. इस दौरान परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया.