Bihar

नेपाल की बाढ़ पर बिहार सरकार अलर्ट, सीतामढ़ी में मंत्री ने लिया हालात का जायजा

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

सीतामढ़ी (SITAMARHI): बिहार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा रविवार को सीतामढ़ी पहुंचे. यहां उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित विमर्श कक्ष में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर नेपाल से आई बाढ़ और इससे उत्पन्न हालात की विस्तृत समीक्षा की. बैठक के दौरान जिले में बाढ़ की स्थिति, संभावित खतरे और प्रशासन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई.

समीक्षा बैठक के बाद मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि बिहार में बाढ़ को लेकर जिस तरह की गंभीर स्थिति की चर्चा हो रही है, फिलहाल जमीन पर हालात उतने भयावह नजर नहीं आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और किसी बड़े खतरे की स्थिति सामने नहीं आई है.

मंत्री ने बताया कि प्रशासन किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. राज्य के सभी जिलों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई है और संबंधित अधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.

बैठक में नेपाल से आने वाले पानी के कारण सीमावर्ती इलाकों में उत्पन्न परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति, जलस्तर और लोगों की सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजामों की जानकारी ली गई. मंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया कि किसी भी तरह की आपात स्थिति पैदा होने पर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जाए.

उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. प्रशासन को लगातार सतर्क रहने और स्थानीय स्तर पर किसी भी बदलाव की तत्काल जानकारी जुटाने के लिए कहा गया है.

मंत्री के अनुसार, फिलहाल बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सुरक्षित है, लेकिन मौसम और जलस्तर में संभावित बदलाव को देखते हुए लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है. प्रशासनिक और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

TagsBihar