टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी की संदिग्ध मौत के सात दिन बाद ही आरोपी पति का पेड़ से लटका हुआ शव मिला है.इसके बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. बताया जा रहा है कि युवक पर उसकी पत्नी की मौत के मामले में दहेज हत्या का आरोप था, जिसमें उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. पूरा मामला डुमरा थाना क्षेत्र के आज़मगढ़ का है.
पेड़ से लटका मिला शव
बताया जा रहा है कि मंगलवार को स्थानीय लोगों ने पेड़ से लटका हुआ उसका शव देखा.सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.मृतक की पहचान रसलपुर गांव निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है.बताया जा रहा है कि रवि की पत्नी की सात दिन पहले ही संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में मौत हो गई थी.इस मामले में मायके वालों ने रवि पर दहेज मांगने और हत्या का आरोप लगाया था.वहीं, रवि के परिजनों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई गई है.
आज कोर्ट में सरेंडर करने वाला था रवि
मिली जानकारी के मुताबिक, रवि पत्नी की मौत के मामले में आज कोर्ट में सरेंडर करने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला.अब यह मामला पूरी तरह से उलझ चुका है. वहीं, रवि के परिजनों ने आत्महत्या की बात से इनकार किया है. उनका आरोप है कि रवि ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटका दिया गया है.परिजनों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं, मामले पर डुमरा थाना अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के असली कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, ताकि मौत की असली वजह का खुलासा हो सके.
