Bihar

शेखपुरा में बीटेक छात्र का शव मिलने पर बवाल, आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहनों पर किया पथराव

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
शेखपुरा में बीटेक छात्र का शव मिलने पर बवाल, आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहनों पर किया पथराव

शेखपुरा (BIHAR) : बिहार के शेखपुरा जिले में लापता बीटेक छात्र हंसराज उर्फ राजा का शव जमुआरा के पहाड़ी पोखर से मिलने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटनास्थल पर खड़े पुलिस और प्रशासन के चार वाहनों पर पथराव कर उनके शीशे तोड़ दिए. इस दौरान राजस्व पदाधिकारी के वाहन समेत तीन पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि शनिवार को छात्र की बाइक मिलने के बाद से ही पुलिस से पोखर में खोज अभियान चलाने की मांग की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते तलाशी नहीं ली. लोगों का कहना है कि यदि उसी दिन पोखर में खोजबीन शुरू कर दी जाती तो शायद छात्र की जान बचाई जा सकती थी.

लोगों को समझा बुझाकर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा

हंसराज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. इंटरमीडिएट पास करने के बाद इसी वर्ष उसका बीटेक में नामांकन हुआ था. परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. बेटे का शव देखकर मां बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी, जिसे लोगों ने संभाला.

सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं

स्थानीय लोगों ने पहाड़ी खनन से बने गहरे तालाबों को भी हादसों की बड़ी वजह बताया. उनका कहना है कि ऐसे कई तालाब हर साल लोगों की जान ले रहे हैं और इनकी सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है.

हर पहलू की जांच की गई

"छात्र के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई थी. कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और हर पहलू की जांच की गई. शव मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है. पथराव कर सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाने वालों की भी पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी."