शेखपुरा (SHEIKHPURA) : मरीजों को अस्पताल लाने और घर पहुंचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली सरकारी एंबुलेंस से शराब की तस्करी का मामला सामने आया है. शेखपुरा में उत्पाद विभाग की टीम ने एक सरकारी एंबुलेंस से 10 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की है. इस दौरान एंबुलेंस के चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
उत्पाद विभाग के अनुसार, गुप्त और ठोस सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. टीम ने शेखपुरा-शाहपुर सड़क पर प्रभुबीघा गांव से करीब एक किलोमीटर आगे टाटी पुल के पास एंबुलेंस को पकड़ा. यह इलाका नवादा जिले की सीमा के नजदीक है. जब्त एंबुलेंस नवादा जिले के वारिसलीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बताई गई है. गिरफ्तार चालक की पहचान प्रमोद कुमार के रूप में हुई है जो लखीसराय जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के औरे गांव का रहने वाला बताया गया है.
10 कार्टन अंग्रेजी शराब की 120 बोतलें बरामद
उत्पाद थाना के थानाध्यक्ष अमित आनंद के मुताबिक, एंबुलेंस शाहपुर मोड़ की तरफ से शेखपुरा आ रही थी. तलाशी के दौरान उसमें रखे 10 कार्टन अंग्रेजी शराब की 120 बोतलें बरामद हुईं. शराब की कुल मात्रा करीब 90 लीटर बताई गई है. बताया जा रहा है कि रास्ते में पुलिस और आम लोगों को गुमराह करने के लिए एंबुलेंस का आपातकालीन हूटर भी बजाया जा रहा था. कार्रवाई के दौरान चालक ने कथित तौर पर एंबुलेंस से उत्पाद विभाग की टीम को कुचलने की कोशिश भी की. मौके पर विवाद और हाथापाई की सूचना के बाद कुसुंभा थाना पुलिस को बुलाया गया.
उत्पाद विभाग अब गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और शेखपुरा में इसे किसके पास पहुंचाया जाना था. साथ ही इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
