Bihar

छठी समारोह के बीच महिला की गोली लगने से मौत, पति पर हत्या का आरोप,जानिए कहां का है मामला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

समस्तीपुर (SAMASTIPUR) : बिहार के समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र में एक महिला की गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है. घटना चकलालशाही गांव की है, जहां 26 वर्षीय मंजुला कुमारी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. महिला के पति सूरज सहनी पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है. वारदात के बाद से आरोपी पति के फरार होने की बात कही जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

घर में चल रहा था बच्चे की छठी का कार्यक्रम 

घटना के समय मंजुला के घर में उसके बच्चे की छठी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस मौके पर रिश्तेदारों और आसपास के लोगों की मौजूदगी थी. इसी दौरान मंजुला को गोली लगने की घटना सामने आई. बताया जा रहा है कि समारोह में मौजूद लोगों को शुरुआत में वारदात का पता नहीं चल सका. घटना की जानकारी सामने आते ही खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने किया मृत घोषित 

गोली लगने के बाद परिजन मंजुला को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मंजुला तीन बच्चों की मां थी. उसकी मौत की खबर मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जुट गए.

पति पर लगा गोली मारने का आरोप 

मामले की सूचना मिलने के बाद हलई थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है. हलई थाने में तैनात एएसआई दिनेश साह के मुताबिक, महिला की गोली लगने से मौत की सूचना मिली थी. प्रारंभिक जानकारी में उसके पति पर गोली मारने का आरोप सामने आया है. हालांकि, पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

भाई ने पहले से विवाद होने का किया दावा

मृतका के भाई ने पुलिस और परिजनों के सामने पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद होने की बात कही है. उनका आरोप है कि सूरज सहनी ने पूर्व में भी मंजुला को गोली मारने की धमकी दी थी. परिजनों का मानना है कि आपसी विवाद इस वारदात की वजह हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा. घटना के बाद आरोपी पति की तलाश की जा रही है. मृतका के परिजनों ने उसकी जल्द गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है.

 

TagsBihar