Bihar

समस्तीपुर में निर्माणाधीन गंगा महासेतु का हिस्सा गिरा, मलबे में कई मजदूरों के दबने की आशंका

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार के समस्तीपुर में स्थित बख्तियारपुर-ताजपुर गंगा महासेतु परियोजना एक बार फिर चर्चा में बनी हुई है, लेकिन इस बार चर्चा किसी अच्छी वजह से नहीं, बल्कि हादसे को लेकर है. निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय मजदूर मौके पर काम कर रहे थे, जहां कुछ मजदूरों के मलबे में दबने की आशंका जताई जा रही है.हालांकि, अब तक प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है.

तनाव और चिंता का माहौल

जैसे ही हादसे की खबर निर्माण एजेंसी के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे.और आसपास के इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए, ताकि किसी और को कोई नुकसान न हो. रेस्क्यू टीम को लगाया गया है और स्थिति का आकलन किया जा रहा है. मौके पर तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है.अशांका जतायी जा रही है कि कहीं काम कर रहे मजदूर में से कोई मलवे में दबा तो नहीं है जिसको लेकर लगातार बचाव कार्य चल रहा है.

मौके पर राहत बचाव कार्य जारी

बताया जा रहा है कि गंगा महासेतु उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना है. इस पुल के निर्माण से दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है. लंबे समय से इस परियोजना पर काम चल रहा है, लेकिन अब तक इसका निर्माण पूरा नहीं हो सका है.ऐसे में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिर जाना परियोजना की गुणवत्ता और निर्माण कार्य पर कई बड़े सवाल खड़े करता है.फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि निर्माण कार्य में कहीं किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई थी. प्रशासन की ओर से लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ नहीं लगाने की अपील की गई है, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह कोई परेशानी ना हो.

TagsBihar