Bihar

समस्तीपुर में प्रेम विवाह के बाद हाई वोल्टेज ड्रामा, भैंस बेचकर शादी रचाने वाला युवक बना चर्चा का विषय, Video Viral

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

समस्तीपुर (SAMASTIPUR) : बिहार के समस्तीपुर से प्रेम विवाह को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामे का मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका से अंतरजातीय प्रेम विवाह करने के लिए कथित तौर पर अपनी भैंस बेच दी. शादी के बाद परिवार में ऐसा विवाद हुआ कि मामला सड़क तक पहुंच गया. दूल्हे की बहन ने थानेश्वर मंदिर के पास जमकर हंगामा किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

लंबे समय से युवती से प्रेम करता था युवक

जानकारी के अनुसार, मामला समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र के थानेश्वर मंदिर के समीप का है. बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से एक युवती से प्रेम करता था. परिवार की सहमति नहीं मिलने पर उसने अपनी भैंस बेचकर शादी का खर्च जुटाया और प्रेमिका के साथ अंतरजातीय विवाह कर लिया.

तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो

जैसे ही शादी की जानकारी परिवार वालों को मिली, घर में विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि दूल्हे की बहन मंदिर के पास पहुंची और शादी का विरोध करते हुए जमकर हंगामा करने लगी. इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. मौजूद लोगों में से किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.

पुलिस ने मामले को शांत कराया

हंगामे की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया. फिलहाल किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है.

पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना

यह प्रेम विवाह और पारिवारिक विरोध का मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. वहीं, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.