☰
Bihar

Breaking : समस्तीपुर में देर रात मुठभेड़ से हड़कंप, पुलिस की गोली से कुख्यात अपराधी घायल

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

समस्तीपुर: इन दिनों एक तरफ अपराधी लगातार बेखौफ हो कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं तो दूसरी तरफ पुलिस भी कार्रवाई से पीछे नहीं हट रही है. इसी कड़ी में बड़ी खबर सामने आई है समस्तीपुर से जहां पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई. बताया जा रहा है कि अपराधी ने पहले पुलिस पर गोली चलाई जिसके जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी को गोली लगी है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया तथा इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

जानकारी के अनुसार समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर हाई स्कूल के समीप पुलिस और जिले के टॉप 10 में शामिल रह चुका कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के नीरपुर निवासी मनीष कुमार सिंह के बीच मुठभेड़ हो गई. हालांकि मुठभेड़ किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी जानकारी पुलिस की तरफ से नहीं दी गई है और न ही पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है. गोली लगने के बाद मनीष कुमार सिंह को पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. एहतियात के तौर पर कई थानों से पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनीष कुमार सिंह जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल रह चुका है. बताया जाता है कि वर्ष 2021 में हत्या और लूट की घटनाओं के बाद उसका नाम चर्चा में आया था. पुलिस उसकी गतिविधियों को लेकर तलाश कर रही थी. हालांकि, उसके आपराधिक मामलों और मौजूदा घटना में उसकी भूमिका को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. मुठभेड़ किन परिस्थितियों में हुई और गोलीबारी से पहले घटनास्थल पर क्या हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी है. वरीय अधिकारियों का आधिकारिक बयान आने के बाद ही घटनाक्रम और पुलिस की कार्रवाई की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

TagsBihar