समस्तीपुर: महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य के दिन समस्तीपुर से एक चौंकाने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक मां ने छोटी सी गलती पर चार साल की मासूम की बेरहमी से पिटाई कर दी जिससे उसकी जान चली गई. घटना की सूचना पर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है वहीं मासूम के पिता ने आरोपी पत्नी को सजा दिलाने की बात कही है. घटना पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव अंतर्गत वार्ड संख्या 12 की है. मृतिका मासूम की पहचान स्थानीय राजू पासवान की 4 वर्षीया बेटी सुहानी कुमारी के रूप में की गई.
घटना के संबंध में मासूम के पिता ने बताया कि घर में छठ पर्व की तैयारी चल रही थी. मैं घाट बनाने चला गया था और इस दौरान मेरी पत्नी ने अर्घ्य के लिए पकवान तैयार कर रखे थे. बेटी में उस पकवान को जूठा कर दिया जिससे आक्रोशित हो कर उसने बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर दी. जब बच्ची की हालत बिगड़ने लगी तब वह उसे लेकर एक निजी क्लीनिक में पहुंची जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया.
बच्ची के पिता ने कहा कि उनकी तीन बेटियां थी, जिसमें एक की पत्नी की बेरहमी की वजह से जान चली गई. उन्होंने कहा कि मैं बेटी की मौत से टूट गया हूं. अन्य दो बच्चियों को अकेले ही पाल लूंगा लेकिन ऐसी पत्नी नहीं चाहिए. राजू पासवान ने कहा मुझे चाहे जो भी करना पड़े, करूंगा लेकिन अपनी पत्नी को सजा दिला कर रहूंगा. ऐसा पर्व और ऐसी पूजा किस काम की जिसकी वजह से बेटी की जान चली जाए.
घटना की सूचना पर पुलिस ने महिला रीना देवी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले में पूसा थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि चार वर्ष की बच्ची की मौत की सूचना मिली थी. मामले में आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. उधर घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई.