☰
Bihar

सहरसा में आरोपी को पकड़ने गई पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, पिस्टल छीनने की भी कोशिश

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

सहरसा: सहरसा में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया साथ ही पिस्टल छीनने की भी कोशिश की. घटना सहरसा के सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र के दक्षिण टोला स्थित वार्ड संख्या 16 की है. बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने की भी बात सामने आ रही है. घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई साथ ही आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है. जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस 26 का फरार नामजद आरोपित डिम्पल विश्वास उर्फ धीरेंद्र विश्वास पुराने अस्पताल के समीप एक दुकान पर छापेमारी करने पहुंची थी.

इस दौरान जब पुलिस ने जब आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने शोर मचा कर अपने परिजन और अन्य लोगों को जमा कर लिया. शोर सुनते ही मौके पर पहुंचे बीरबल कुमार, प्रमोद विश्वास उर्फ मल्लू, हनी विश्वास, गौतम विश्वास, इंदल विश्वास, दिनेश विश्वास, सुरेन विश्वास, सोनू विश्वास, अनिता देवी, मनीषा कुमारी, गंगो देवी सहित 8-10 अज्ञात महिला-पुरुषों ने पुलिस टीम को घेरकर हमला बोल दिया. मारपीट के दौरान एक पुलिस पदाधिकारी के बाएं हाथ का अंगूठा मरोड़कर जख्मी कर दिया गया.

हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी, उनकी नेम प्लेट और कलम तोड़ दी तथा सरकारी पिस्टल छीनने की भी कोशिश की. घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे एक पुलिसकर्मी का मोबाइल भी अनिता देवी नामक महिला द्वारा छीन लिया गया. इसके बाद हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को दोबारा इलाके में आने पर जान से मारने की धमकी दी. किसी तरह जान बचाकर निकले पुलिसकर्मियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवर्षाराज पहुंचकर अपना प्राथमिक उपचार कराया.

घटना के संदर्भ में सोनवर्षाराज के प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, वर्दी फाड़ने और आरोपित को भगाने के आरोप में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हमले में शामिल एक नामजद आरोपित प्रमोद कुमार उर्फ मल्लू को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अन्य फरार नामजद आरोपियों और मुख्य अभियुक्त डिम्पल विश्वास की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

TagsBihar