☰
Bihar

72 हजार की रिश्वत लेते आवास सहायक गिरफ्तार, प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त के लिए मांग रहा था घूस

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

सहरसा: एक तरफ सरकार गरीब लोगों को पक्का मकान देने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है तो दूसरी तरफ सरकारी कार्यालयों में बैठे कुछ भ्रष्ट कर्मी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है सहरसा से जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुक को दूसरी किस्त जारी किए जाने के आरोप में आवास सहायक घूस लेते हुए निगरानी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. टीम गिरफ्तार आवास सहायक को लेकर पटना चली गई, जहां उन्हें विशेष निगरानी कोर्ट में पेश किया जाएगा. जानकारी के अनुसार आवास सहायक मुकुल कुमार आवास योजना की दूसरी किस्त जारी करने के एवज में 72 हजार रुपए घूस ले रहे थे तभी जाल बिछा कर इंतजार कर रही निगरानी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. निगरानी की टीम ने सहरसा के सौर बाजार नगर पंचायत कार्यालय से घूस लेते हुए आवास सहायक को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि आवास सहायक ने 9 लाभुकों की दूसरी किस्त जारी करने के एवज में 8 हजार रुपए के हिसाब से घूस ले रहे थे.

मामले में निगरानी के अधिकारियों ने बताया कि सौर बाजार नगर पंचायत के वार्ड संख्या 2 के वार्ड पार्षद हरिकृष्ण कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आवास सहायक मुकुल कुमार दूसरी किस्त जारी करने के एवज में प्रति लाभुक आठ हजार रूपए की मांग कर रहे हैं. शिकायत के सत्यापन में पुष्टि के बाद एक टीम गठित कर जाल बिछाई और अब उन्हें रंगे हाथ घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई के दौरान कथित रिश्वत की राशि बरामद की गयी और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया. इसके बाद टीम उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ पटना ले गयी.

निगरानी ब्यूरो के अनुसार, परिवादी हरिकृष्ण कुमार ने 30 सितंबर को इस मामले में शिकायत दर्ज करायी थी. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने आरोपों का सत्यापन कराने की प्रक्रिया शुरू की. इसके लिए सत्यापनकर्ता को नौ अक्टूबर को सौरबाजार नगर पंचायत कार्यालय भेजा गया. जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने की रिपोर्ट ब्यूरो को सौंपी गयी. इसके बाद 26 अक्टूबर को थाना कांड संख्या 126/26 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया. सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर निगरानी विभाग ने आगे की कार्रवाई की तैयारी की. इसके बाद मंगलवार को आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. मामले में कार्रवाई के लिए निगरानी डीएसपी संजय कुमार के नेतृत्व में आठ सदस्यीय विशेष छापेमारी दल बनाया गया. टीम ने सौरबाजार नगर पंचायत कार्यालय में योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की.

परिवादी हरिकृष्ण कुमार के अनुसार, नौ लाभुकों की दूसरी किस्त के भुगतान के एवज में मांगी गयी 72 हजार रुपये की राशि लेकर वह कार्यालय पहुंचे और आवास सहायक को दी. इसी दौरान निगरानी टीम ने मुकुल कुमार को कथित रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के बाद आरोपी को निगरानी टीम ने हिरासत में लिया. टीम उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए परिसदन लेकर पहुंची. इसके बाद आरोपी को अपने साथ पटना ले जाया गया, जहां मामले में आगे की प्रक्रिया जारी है.

गिरफ्तारी के बाद निगरानी ब्यूरो की टीम आरोपी मुकुल कुमार से पूछताछ कर रही है. कार्रवाई में अनुसंधानकर्ता इंस्पेक्टर समेत अन्य अधिकारी शामिल थे. आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना ले जाया गया है. फिलहाल मामले में निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई और जांच जारी है. शिकायत, सत्यापन रिपोर्ट और बरामद राशि से संबंधित तथ्यों की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी. आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही निकलेगा.

TagsBihar