सहरसा: बड़ी खबर बिहार के सहरसा से है जहां रविवार की शाम खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से आग लग गई. अगलगी की घटना में तीन घर पूरी तरह से जल कर राख हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया जबकि पीड़ित परिवारों के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घटना सहरसा के सोनवर्षा राज नगर पंचायत के मनौरी गांव की है जहां घरों में महिलाओं ने खाना बनाना शुरू ही किया था कि आग लग गई. बताया जा रहा है कि रसोई में रखा गैस सिलेंडर लीक कर रहा था और जब तक इसकी भनक भी लगती तब तक आग लग गई. आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक तीन घर इसकी चपेट में आ गया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि स्थानीय पप्पू यादव के घर में घर में खाना बनाने के दौरान गैस लीक होने की वजह से आग लग गई. लोगों ने बताया कि आग की लपटों ने पड़ोसी मनीष यादव और अजीत यादव के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया. फिलहाल लाखों रुपए के क्षति की आशंका जताई जा रही है. लोगों ने बताया कि आग की वजह से घर में रखा अनाज, पहनने के कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और रोजमर्रा के इस्तेमाल का हर कीमती सामान जल गया.
आग लगने के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई और लोग अपने स्तर से काबू करने की कवायद में जुट गए. ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए अग्निशमन सिलेंडर और पानी की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. ग्रामीणों की इस तत्परता और साहस की वजह से आग को पूरे मोहल्ले में फैलने से रोक लिया गया, वरना घना आबादी वाला यह क्षेत्र एक बहुत बड़े हादसे का शिकार हो सकता था. वहीं घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने सर पर से छत हट जाने की बात बताते हुए स्थानीय प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है.