सहरसा: कहा जाता है कि शिक्षक बच्चे और समाज को सही रास्ता दिखाते हैं लेकिन सहरसा में एक शिक्षिका को पुलिस ने फर्जीवाड़े के आरोप में गिरफ्तार किया है. शिक्षिका की गिरफ्तारी के बाद जिले के शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया. सलखुआ प्रखंड के सितुहाहा पंचायत में स्थित प्राथमिक विद्यालय महादेव मठ में पदस्थापित शिक्षिका संगीता देवी को स्थानीय थाना की पुलिस ने फर्जीवाड़े के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोप है कि शिक्षिका ने फर्जी मार्कशीट के आधार पर नौकरी ली और स्कूल में पदस्थापित थी.
मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने जांच में पाया कि शिक्षिका ने अपने 178 अंक बढ़ा कर फर्जी मार्कशीट बनाया और फर्स्ट डिवीजन से पास होने का दावा किया जबकि बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड ने बताया कि शिक्षिका को असल में मात्र 483 अंक प्राप्त हुए थे और परिणाम में अनुत्तीर्ण लिखा है. शिक्षिका ने नौकरी के लिए फर्जी मार्कशीट बनाया और उसमें 178 अंक बढ़ा कर अपने आप को प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण बताया. बोर्ड ने स्पष्ट किया कि प्रस्तुत अंकपत्र और प्रमाण पत्र कार्यालय से जारी नहीं किया गया है.
निगरानी की जांच में फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद सलखुआ थाना में मामला दर्ज कराया गया. साथ ही, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना शिक्षा) की ओर से भी दस्तावेजों का सत्यापन कर जांच प्रतिवेदन सौंपा गया था. इसी मामले में गुरुवार को सलखुआ पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी शिक्षिका संगीता देवी सलखुआ बाजार क्षेत्र में मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया. सलखुआ थानाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है. वहीं, फर्जी दस्तावेजों के सहारे वर्षों तक नौकरी करने के इस खुलासे ने शिक्षा विभाग की नियुक्ति और सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.