Bihar

मोकामा के सरकारी स्कूल में निकला रसल वाइपर सांप, बच्चों में मची अफरा-तफरी

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

मोकामा (पटना): पटना जिले के मोकामा प्रखंड के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में रसल वाइपर सांप दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया. मामला गंगा किनारे स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय महेंद्रपुर, हाथीदह का है. स्कूल परिसर में सांप को घूमते देख बच्चों में भय का माहौल बन गया और वहां मौजूद शिक्षक भी सतर्क हो गए.

स्कूल परिसर में सांप दिखते हीं मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में बच्चों की नजर अचानक एक सांप पर पड़ी. सांप को देखते ही बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई. इसकी जानकारी शिक्षकों को मिली तो उन्होंने बच्चों को सांप से दूर रहने के लिए कहा और आसपास के ग्रामीणों को मामले की सूचना दी. सूचना मिलते ही कई स्थानीय लोग विद्यालय पहुंचे. बताया गया कि ग्रामीण संतोष कुमार सिंह ने सावधानी बरतते हुए सांप को एक डब्बे में बंद कर दिया. इसके बाद संबंधित वन विभाग को सूचना दी गई, ताकि सांप को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ा जा सके.

गंगा का जलस्तर बढ़ने से आबादी की ओर आ रहे जीव-जंतु

स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी और निचले इलाकों में पानी फैलने के कारण सांप तथा अन्य जीव-जंतु सुरक्षित और सूखे स्थानों की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की तरफ पहुंच रहे हैं. हाथीदह और इसके आसपास का इलाका गंगा से सटा हुआ है. दियारा क्षेत्र में पानी भरने की स्थिति में वन्य जीवों के प्राकृतिक ठिकाने प्रभावित होने की संभावना बढ़ जाती है. कन्या प्राथमिक विद्यालय महेंद्रपुर भी गंगा के नजदीक स्थित है. ऐसे में स्कूल परिसर तक सांप के पहुंचने को आसपास के इलाकों में बढ़े जलस्तर से जोड़कर देखा जा रहा है.

बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता 

विद्यालय में सांप मिलने की घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है. खासकर नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास स्थित विद्यालयों में बारिश और बाढ़ के समय अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत होती है. रसल वाइपर को विषैला सांप माना जाता है. ऐसे में सांप दिखाई देने पर उसके पास जाने या स्वयं पकड़ने का प्रयास करने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाकर प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना देना अधिक सुरक्षित विकल्प है. विद्यालय परिसर में हुई इस घटना में राहत की बात रही कि किसी बच्चे या अन्य व्यक्ति को सांप ने नुकसान नहीं पहुंचाया.

 

TagsBihar