Bihar

खड़ी टैंकर से टूरिस्ट बस की टक्कर, 10 से अधिक यात्री घायल,जानिए हादसे की पूरी जानकारी

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
खड़ी टैंकर से टूरिस्ट बस की टक्कर, 10 से अधिक यात्री घायल,जानिए हादसे की पूरी जानकारी

रोहतास (ROTASH) : बिहार के रोहतास जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया.शिवसागर थाना क्षेत्र के शिवसागर के पास नेशनल हाईवे पर खड़ी एक टैंकर से एक टूरिस्ट बस टकरा गई. इस हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई.

खड़ी टैंकर से बस की जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस तमिलनाडु से यात्रियों को लेकर बनारस होते हुए बोधगया दर्शन के लिए जा रही थी. इसी दौरान शिवसागर के पास सड़क किनारे खड़ी टैंकर से बस की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे कई यात्री घायल हो गए। कुछ यात्रियों को सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं.

घायलों की हालत खतरे से बाहर

घटना की सूचना मिलते ही शिवसागर थाना अध्यक्ष रितेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.

हादसे के कारण कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा. बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और टैंकर को हटवाकर यातायात सामान्य कराया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.