Bihar

रोहतास: फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय गैंग का खुलासा, 5 गिरफ्तार

Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर
रोहतास: फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय गैंग का खुलासा, 5 गिरफ्तार

 

ROHTAS(रोहतास): फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बॉय बनकर पार्सल से कीमती सामान चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का रोहतास पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है.पुलिस ने इस मामले में समस्तीपुर और बेगूसराय जिले के पांच युवकों को गिरफ्तार किया है.

एसडीपीओ-1 डेहरी अतुलेश झा ने शनिवार को देहरी नगर थाना में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 13 जून की शाम करीब 8:30 बजे फ्लिपकार्ट की शिफ्टकार्ट टीम ने डेहरी में तीन संदिग्धों को पार्सल के साथ पकड़ा. पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चंदन कुमार और प्रदीप कुमार फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते थे.

 गैंग कैसे करता था चोरी?
आरोपी हर्षल कुमार पैकिंग के दौरान असली सामान निकालकर उसके स्थान पर नकली सामान पैक कर देता था. जब ग्राहक को नकली सामान मिलता तो वह उसे रिटर्न कर देता.गिरोह असली सामान बाजार में बेचकर मुनाफा कमाता था.

मुख्य सरगना गिरफ्तार
एसपी अखिलेश झा के अनुसार, इस गिरोह का मुख्य सरगना समस्तीपुर का सत्यकाम उर्फ किशु और बेगूसराय का अमर राजा है. दोनों युवकों को 40 हजार रुपये मासिक वेतन का लालच देकर इस काम में लगाया गया था.सूचना के आधार पर पुलिस ने कार संख्या BR09AS7551 को ट्रेस किया और गया जिले के अमास थाना क्षेत्र से दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

बरामदगी
कार की तलाशी में दो लैपटॉप, एक सोनी कैमरा और दो काले बैग बरामद हुए. आरोपियों की निशानदेही पर फ्लिपकार्ट का अन्य सामान भी जब्त किया गया.

बरामद सामान की सूची:
- 1 कार
- 1 सोनी कैमरा
- 7 मोबाइल
- 2 लैपटॉप
- 15 बॉडी कैमरा
- 5 ईयरबड्स
- 6 स्मार्ट वॉच
- 3 गो प्रो कैमरा
- 14 मोबाइल चार्जर
- 2 एयर गन
- अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान (पैकिंग सहित)

डेहरी नगर थाना में कांड संख्या 300/26 दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. एएसपी अतुलेश झा ने कहा कि ऐसे गिरोहों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.