पटना:लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन आज व्रती दिन भर कठिन निर्जला तपस्या करने के बाद खरना करेंगी. खरना के बाद व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा. छठ पर्व सादगी और स्वच्छता के साथ बिना किसी दिखावे के मनाए जाना वाला पर्व है. इस दौरान लोग छठी मैया के साथ ही भगवान सूर्य की पूजा करते हैं. छठ के दूसरे दिन खरना में व्रती दिन भर उपवास करने के उपरांत शाम में रोटी और गुड़ की खीर से भोग लगाते हैं और खुद भी खाते हैं. इसके बाद यही रोटी और गुड़ की खीर प्रसाद के रूप में परिवार के लोगो में वितरित किया जाता है.
छठ पर्व के दूसरे दिन खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा. इस दौरान व्रती कुछ भी खाना तो दूर एक बूंद पानी भी नहीं पीती हैं और कठिन साधना करती हैं.छठ के तीसरे दिन शाम में डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है तथा अंतिम और चौथे दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य के साथ महापर्व छठ की समाप्ति हो जाती है. इस पर्व की एक और खासियत है कि इसमें वितरण किए जाने वाला प्रसाद शुद्ध रूप से प्राकृतिक और घर में बनाया हुआ होता है. जिसमें खास कर भिगाया हुआ मटर, ठकुआ, और विभिन्न प्रकार का फल शामिल हैं.
छठ दुनिया की एकमात्र परंपरा या पर्व है जिसके तहत उगते हुए सूर्य से पहले डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. छठ महापर्व में व्रती विशेष रूप से अपनी संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए व्रत रखती हैं, वहीं कई परिवारों में संतान प्राप्ति की कामना से भी यह अनुष्ठान किया जाता है. वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी सूर्य का प्रकाश शरीर को प्राकृतिक ऊर्जा देता है और हमारी जैविक दिनचर्या को संतुलित रखने में सहायक होता है.