वैशाली/सीवान: लोक आस्था का महापर्व छठ प्रकृति की पूजा और सुरक्षा का प्रतीक तो है ही इसके साथ ही इस पर्व में जाति, अमीर - गरीब सब भेदभाव भी मिट जाता है. इस पर्व के दौरान लोगों को अगर कुछ याद रहता है तो वह है सिर्फ आस्था और विश्वास. तभी तो अमीर गरीब सब लोग एक साथ एक ही घाट पर सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पहुंचते हैं. इस बीच बिहार में कई खास लोगों ने भी अपनी सादगी का परिचय दिया और आमजन के साथ ही छठ मनाया. एक तरफ सीवान में जिलाधिकारी तो दूसरी तरफ वैशाली में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री माथे पर दउरा उठा कर छठ घाट पर पहुंचे, जिसे देख लोग हतप्रभ रह गए. इन तस्वीरों में बरबस ही लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया.
सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा छठ पूजा की सामग्री से भरी टोकरी सर पर लेकर पैदल ही खाली पैर दाहा नदी के पलवा घाट पहुंचे. घाट पर उन्होंने विधि विधान से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया. इस दौरान उन्होंने न सिर्फ छठ की परंपरा को आत्मसात किया, बल्कि जल संरक्षण और नदियों की स्वच्छता का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया.
डीएम ने पहली बार मनाया छठ
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पहली बार वे पूरी रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ छठ महापर्व मना रहे हैं. उन्होंने कहा कि दाहा नदी के तट पर इस पावन आराधना में शामिल होकर अर्घ्य देने के बाद उन्हें बेहद सुखद अनुभूति हुई. उन्होंने छठ व्रतियों और समस्त सीवानवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए छठी मईया से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की. जिलाधिकारी ने इस अवसर पर एक बेहद महत्वपूर्ण संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि जिस नदी के तट पर हम आस्था के साथ सूर्योपासना करते हैं, उसे स्वच्छ रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, क्योंकि छठ केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, जल, सूर्य और स्वच्छता के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है. आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश निश्चित रूप से समाज के लिए एक सकारात्मक प्रेरणा है.
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के सर पर भी टोकरी
छठ पर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी सर पर पूजन सामग्री से भरी टोकरी उठा कर हाजीपुर में गंगा घाट पहुंचे. इस दौरान उन्होंने आम और खास के भेदभाव के बिना लोगों के साथ सूर्य को अर्घ्य दिया एवं सुख शांति की कामना की. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि छठी मैया हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद देती रहें, ताकि वह स्वामी विवेकानंद की भविष्यवाणी को पूरा कर सकें. विवेकानंद जी ने कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी और 2047 तक भारत विकसित भारत बनेगा. यही संकल्प प्रधानमंत्री के साथ 140 करोड़ देशवासियों का है.