रामगढ़ (RAMGARH): गिद्दी इलाके में कोयला कारोबारियों से लेवी और रंगदारी वसूलने पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक दोनों राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं. इनके पास से 40 हजार रुपये कैश, एक पल्सर बाइक और मोबाइल बरामद किया गया है. दोनों को गिद्दी मेन रोड के टोंगी के पास पकड़ा गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्नू कुमार साव और अविनाश कुमार के रूप में हुई है. मन्नू रामगढ़ कैंट के सौदागर मोहल्ला का रहने वाला है, जबकि करीब 18 साल का अविनाश रामगढ़ के कोरीटोला मुंडा टोली का रहने वाला बताया गया है.
गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन को सूचना मिली थी कि काले रंग की पल्सर बाइक से कुछ लोग गिद्दी इलाके में कोयला कारोबारियों से लेवी और रंगदारी के पैसे वसूलने आने वाले हैं. सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और तुरंत एक छापेमारी टीम बनाई गई.
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पैसे वसूलने के बाद बुंडू-बसारिया के रास्ते रामगढ़ की तरफ जा रहे थे. पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और टोंगी गिद्दी मेन रोड के पास उन्हें रुकने का इशारा किया. पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन सशस्त्र बल के जवानों की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया.
तलाशी के दौरान उनके पास से 40 हजार रुपये कैश बरामद किए गए. पुलिस का दावा है कि यह रकम लेवी के रूप में वसूली गई थी. इसके साथ मोबाइल और पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है.
गिद्दी पुलिस ने मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर गिरोह के दूसरे सदस्यों और लेवी वसूली से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है.
रिपोर्ट- अनुज ठाकुर