☰
Bihar

उत्तर बिहार में बारिश की रफ्तार होगी धीमी! दोपहर बाद साफ होगा मौसम

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

TNP DESK : उत्तर बिहार में 40 घंटे से अधिक समय से जारी बारिश के बीच अब राहत की उम्मीद दिखाई दे रही है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुक्रवार दोपहर के बाद बारिश की तीव्रता कम हो सकती है और धीरे-धीरे आसमान साफ होने की संभावना है. मुजफ्फरपुर समेत आसपास के जिलों में लगातार हुई बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है.

बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर

उत्तर बिहार में मौसम के बदले मिजाज की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र बताया जा रहा है. इसके प्रभाव से कई जिलों में लगातार और रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई. डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार के मुताबिक शुक्रवार दोपहर बाद मौसम में सुधार होने के संकेत हैं. इसके बाद बारिश की रफ्तार कम होने के साथ बादल भी छंट सकते हैं.

मुजफ्फरपुर में जलजमाव से बढ़ी परेशानी

लगातार बारिश के कारण मुजफ्फरपुर के कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया है. स्टेशन रोड, आमगोला, अखाड़ाघाट और बालूघाट सहित कई स्थानों पर सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है. वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बारिश से किसानों को फायदा

शहरी क्षेत्रों में बारिश परेशानी का कारण बनी है, लेकिन खेतों के लिए इसे लाभकारी माना जा रहा है. खासकर धान की फसल को पर्याप्त पानी मिलने से किसानों को फायदा होने की उम्मीद है. इससे सिंचाई की जरूरत भी कुछ हद तक कम हो सकती है.

पेड़ गिरने से यातायात और बिजली प्रभावित

बारिश और तेज हवा के बीच मुजफ्फरपुर के पानी टंकी चौक पर एक बड़ा पेड़ गिर गया. इससे कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हुआ और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई. मौसम में अपेक्षित सुधार के बाद जलजमाव और आवाजाही की समस्या से धीरे-धीरे राहत मिलने की उम्मीद है.

TagsBihar