TNP DESK : बिहार में सोमवार को ट्रेन से यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मोकामा स्थित राजेंद्र सेतु के पास रेलवे के महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य के कारण बड़ी संख्या में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित किया गया है. रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक 14 ट्रेनें रद रहेंगी, जबकि 17 ट्रेनों को उनके नियमित मार्ग की जगह वैकल्पिक रूट से चलाया जाएगा.
नए रेल पुल से जुड़े कार्य का परिचालन पर असर
राजेंद्र सेतु के समानांतर तैयार किए गए नए रेल पुल के साथ हाथीदह जंक्शन अपर, टाल, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशन क्षेत्र में प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का काम किया जा रहा है. इसी वजह से रेलवे ने कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद करने और कई के मार्ग में बदलाव करने का फैसला किया है.
ये प्रमुख ट्रेनें रहेंगी रद
रद ट्रेनों में 13030 मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस, 13122 गाजीपुर सिटी-कोलकाता टर्मिनल एक्सप्रेस, 15527 जयनगर-पटना एक्सप्रेस और 15528 पटना-जयनगर एक्सप्रेस शामिल हैं. इसके अलावा 63204 मोकामा-किऊल मेमू, 63229 आरा-बनारस मेमू, 63275 किऊल-पटना मेमू, 63276 पटना-किऊल मेमू, 04186 आसनसोल-वीजीएलजे स्पेशल, 13029 हावड़ा-मोकामा, 13031 हावड़ा-जयनगर, 13032 जयनगर-हावड़ा, 63230 बनारस-आरा मेमू और 13416 जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस भी प्रभावित सूची में हैं.
इन महत्वपूर्ण ट्रेनों का बदला गया रूट
रेलवे ने 17 ट्रेनों को डायवर्ट किया है. 12303 हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस किऊल-शेखपुरा-बिहारशरीफ-बख्तियारपुर होकर चलेगी. वहीं 12435 जयनगर-आनंद विहार गरीब रथ को समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र-दानापुर के रास्ते चलाया जाएगा. इसके अलावा अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस, हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस, पटना-जसीडीह एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस, दिल्ली-कामाख्या एक्सप्रेस और पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत समेत कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया है.
स्टेशन निकलने से पहले चेक करें स्टेटस
मोकामा, किऊल, पटना, हाथीदह, बरौनी और जयनगर की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. घर से निकलने से पहले ट्रेन का ताजा स्टेटस NTES या RailOne ऐप पर जांचना बेहतर होगा. रेलवे हेल्पलाइन 139 से भी ट्रेन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है. रेलवे का तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य होने की उम्मीद है. हालांकि यात्रा के समय किसी अंतिम बदलाव की संभावना को देखते हुए यात्रियों को रेलवे की नवीनतम सूचना के आधार पर ही अपनी यात्रा की योजना बनानी चाहिए.
