☰
Bihar

पाकिस्तान ही नहीं, पश्चिम बंगाल से कैमरून तक फैला था शाहिद का नेटवर्क, पूर्णिया एसएसपी ने बताई पूरी कहानी

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पूर्णिया: पाकिस्तान से कनेक्शन के आरोप में पूर्णिया से गिरफ्तार संदिग्ध का संपर्क पश्चिम बंगाल समेत दक्षिण अफ्रीका तक है. जांच एजेंसियों की जांच के बाद खुलासा हुआ है कि युवक पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के कैमरून में रहने वाले कुछ लोगों के संपर्क में था तथा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के कई अकाउंट से कट्टरपंथी कंटेंट शेयर करता था. मामले में पूर्णिया के एसएसपी डॉ शौर्य सुमन ने गुरुवार को मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एजेंसी से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार किया तथा बिहार एटीएस, एनआईए और एसटीएफ को जानकारी दी. इसके बाद विभिन्न एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है.

सोशल मीडिया से फैलाता था कट्टरपंथी सामग्री

पुर्णिया के एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान इस बात का साक्ष्य मिला है कि युवक पाकिस्तान से लेकर पश्चिम बंगाल और दक्षिण अफ्रीका के कैमरून तक के लोगों के संपर्क में था. वह सोशल मीडिया पर विभिन्न अकाउंट से कट्टरपंथी सामग्री फैलाता था. पहले उसका एक इंस्टग्राम अकाउंट बंद भी हो चुका है बावजूद इसके वह नहीं रुका बली टेलीग्राम के जरिए मैसेज फैलाता था.

पाकिस्तान से दक्षिण अफ्रीका के लोगों के संपर्क में था

एसएसपी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि युवक अलग अलग जगहों के युवकों को सोशल मीडिया के जरिए अपने ग्रुप में जोड़ता था. उसके संपर्क में पाकिस्तान से संबंधित एक व्यक्ति के लगातार रहने की जानकारी मिली है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल और अफ्रीकी देश कैमरून के कुछ लोगों से भी उसके संपर्क की बात सामने आई है. एसएसपी ने कहा कि इन सभी संपर्कों की वास्तविकता का पता लगाया जा रहा है. समूह में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान के लिए तकनीकी जांच जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपित के संपर्क में आए युवकों की भूमिका क्या थी.

वैचारिक रुझान और वित्तीय लेनदेन की हो रही जांच

एसएसपी ने बताया कि युवक के पिछले 3 वर्षों का इतिहास खंगाला जा रहा है. इसके साथ ही उसके मोबाइल और लैपटॉप की भी जांच की जा रही है. उसके वैचारिक रुझान, संपर्कों और कथित नेटवर्क के स्वरूप को समझने का प्रयास किया जा रहा है. इसके साथ ही उसके बैंक खातों और संभावित वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि उसका किसी संदिग्ध संगठन या कट्टरपंथी समूह से कोई संबंध तो नहीं रहा है. 

जरूरत पड़ने पर लिया जा सकता है रिमांड पर

एसएसपी ने कहा कि जांच में जरूरत पड़ने पर आरोपित को दोबारा रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी. फिलहाल विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है.

TagsBihar