Bihar

पूर्णिया में कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी का छात्र संवाद, NEET और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
पूर्णिया में कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी का छात्र संवाद, NEET और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा

पूर्णिया (BIHAR) : कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी पूर्णिया पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया. कार्यक्रम की शुरुआत राहुल गांधी के करीब 20 मिनट के वीडियो से हुई. इसके बाद इमरान प्रतापगढ़ी ने छात्रों से सीधे बातचीत की और नीट परीक्षा में कथित धांधली, पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए.

उनकी पार्टी यह मांग लगातार उठाती रहेगी

इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि कांग्रेस देश के 28 जिलों में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम चला रही है. इसका उद्देश्य छात्रों से जुड़ना, उनकी समस्याओं को समझना और छात्र हित के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है. उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनकी पार्टी यह मांग लगातार उठाती रहेगी.

देश में शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है

उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है. परीक्षा में गड़बड़ियों और बढ़ते मानसिक दबाव के कारण कई छात्र परेशान हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि 21 छात्रों ने आत्महत्या कर ली, लेकिन केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं.उन्होंने कहा कि देश के शिक्षा तंत्र में व्यापक बदलाव की जरूरत है और राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं.

परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है

कार्यक्रम के दौरान अररिया जिले के रानीगंज की उस छात्रा के माता-पिता भी मौजूद थे, जिसकी कोटा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. उन्होंने इमरान प्रतापगढ़ी से मुलाकात कर न्याय की मांग की. छात्रा के माता-पिता ने आरोप लगाया कि राजस्थान की पुलिस उन्हें मामले की सही जानकारी नहीं दे रही है और जांच में भी सहयोग नहीं कर रही है. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में काफी प्रतिभाशाली थी और उसकी अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

इमरान प्रतापगढ़ी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि वह इस मामले को संसद में उठाएंगे और बच्ची के परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे.