पूर्णिया (PURNIA) : बिहार के पूर्णिया जिले के बायसी प्रखंड अंतर्गत गंगार पंचायत के मालोपाड़ा गांव में अचानक आए चक्रवाती तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया. तेज हवा के कारण गांव में करीब 40 से 50 घर प्रभावित हुए हैं. कई मकानों के छप्पर उड़ गए, जबकि कुछ कच्चे और कमजोर घर क्षतिग्रस्त हो गए. तूफान की चपेट में आने से बिजली के पोल और पेड़ भी उखड़ गए. घटना में कुछ लोगों को मामूली चोट लगने की बात सामने आई है.
कुछ ही मिनटों में बदल गया गांव का नजारा
स्थानीय पीड़ित मोतिउर रहमान के अनुसार, मौसम अचानक बदला और देखते ही देखते तेज चक्रवाती हवा चलने लगी. तूफान इतना तेज था कि मालोपाड़ा गांव के तेलंगा वार्ड संख्या 3 में कुछ ही मिनटों के भीतर कई घरों के छप्पर उड़ गए. कई परिवारों के आशियाने को नुकसान पहुंचने के कारण उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है. तेज हवा के चलते गांव में जगह-जगह पेड़ उखड़ गए. बिजली के पोल को भी नुकसान पहुंचा, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी और बढ़ गई. तूफान के बाद प्रभावित परिवार अपने घरों और सामान को संभालने में जुट गए.
विधायक और राजस्व अधिकारी पहुंचे प्रभावित क्षेत्र
घटना की सूचना मिलने के बाद बायसी के विधायक गुलाम सरवर और राजस्व विभाग के अधिकारी प्रभावित गांव पहुंचे. उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. तत्काल राहत के तौर पर प्रभावित लोगों के बीच चूड़ा, गुड़, पॉलिथीन शीट और मोमबत्ती सहित आवश्यक सामग्री वितरित की गई. विधायक गुलाम सरवर ने कहा कि चक्रवाती तूफान के कारण इलाके में काफी नुकसान हुआ है और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई गई है.
पीड़ित परिवारों की तैयार की जा रही सूची
राजस्व अधिकारी के मुताबिक, तूफान में दर्जनों घरों के छप्पर उड़ने और मकानों को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है. प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों की सूची तैयार की जा रही है. नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार पात्र पीड़ित परिवारों को राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी.
