☰
Bihar

चुनावी सभा में घुसकर युवक ने किया हंगामा, कुछ देर के लिए तनाव का माहौल,जानिए पूरी जानकारी

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना(PATNA) : राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भाजपा सांसद और स्टार प्रचारक मनोज तिवारी की चुनावी सभा के दौरान अचानक हंगामा हो गया. सभा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक कार्यक्रम स्थल में घुस आया और शोर-शराबा करने लगा.इससे कुछ देर के लिए सभा का माहौल तनावपूर्ण हो गया.

कार्यक्रम स्थल पर बनी रही हलचल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक मंच के पास पहुंचने की कोशिश कर रहा था. उसकी हरकतों को देखते हुए वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ता तुरंत सक्रिय हो गए और उसे पकड़ लिया. इसके बाद कुछ देर तक कार्यक्रम स्थल पर हलचल बनी रही. कार्यकर्ताओं ने युवक को सभा से बाहर कर दिया जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई और कार्यक्रम फिर से शुरू हो गया.

दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं

भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पकड़े गए युवक ने खुद को जन सुराज और प्रशांत किशोर का समर्थक बताया. हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक सभा में किस उद्देश्य से पहुंचा था और उसने हंगामा क्यों किया.

घटना के दौरान कुछ समय के लिए सभा में मौजूद लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई. सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया. इसके बाद मनोज तिवारी ने अपना संबोधन जारी रखा और चुनाव प्रचार कार्यक्रम बिना किसी बड़ी बाधा के पूरा हुआ.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल

इस घटना के बाद चुनावी सभाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। यदि युवक की ओर से किसी राजनीतिक संगठन से जुड़े होने का दावा किया गया है, तो उसकी भी जांच की जाएगी.

राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज

हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. चुनावी माहौल के बीच हुई इस घटना की चर्चा राजनीतिक गलियारों में भी तेज हो गई है.

 

TagsBihar