Bihar

दोस्तों के साथ दारू पार्टी करने गये युवक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पटना पुलिस

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
दोस्तों के साथ दारू पार्टी करने गये युवक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पटना पुलिस

पटना (PATNA):बिहार की राजधानी पटना से दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां दारू पार्टी करने गए दोस्तों के साथ युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई.इसके बाद युवक लहूलुहान हालत में सड़क पर ही पड़ा रहा.वहीं, गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटना के पारस अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पढ़ें कहां की है पूरी वारदात

आपको बता दें कि यह पूरा मामला पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित औद्योगिक क्षेत्र मोड़ के पास का है. युवक की पहचान फतुहा नगर परिषद के दरियापुर नया टोला निवासी श्रवण पासवान के पुत्र नवीन कुमार के रूप में हुई है.नवीन के पिता मामूली मजदूर हैं, जो फतुहा रेलवे यार्ड में मजदूरी करते है. वहीं, नवीन पढ़ाई करता था, लेकिन कुछ दोस्तों के साथ उसकी गलत संगति थी. बुधवार की रात वह दोस्तों के साथ पार्टी करने गया हुआ था.पीने-खाने के दौरान दोस्तों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उस पर गोली चला दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई.जानकारी के मुताबिक, नवीन का कोई भी आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, जिसकी वजह से परिजनों में काफी ज्यादा आक्रोश है कि आखिर उनके बेटे के साथ ऐसा क्यों किया गया.

जांच के बाद ही होगा असल वजह का खुलासा

हालांकि, अब तक हत्या के पीछे की असल वजह का खुलासा नहीं हो पाया है.अब तक की जांच में बस इसी बात को आधार माना जा रहा है कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया.पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है.वहीं, इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या आपसी कहासुनी या छोटी-मोटी नोकझोंक में ही इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया, या फिर इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश है. पुलिस अभी अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही है.

पढ़िये मामला पर पुलिस ने क्या जानकारी दी

वहीं, इस मामले पर फतुहा के एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने कहा है कि मामले की जांच पुलिस कर रही है. जांच के बाद ही खुलासा हो पाएगा कि आखिर इसके पीछे की वजह क्या है. जल्द ही आरोपी गिरफ्तार हो जाएंगे. इसको लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.