Bihar

सड़क हादसे में महिला की मौत,परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
सड़क हादसे में महिला की मौत,परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

बाढ़ (BIHAR) : बाढ़ अनुमंडल के भदौर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया. लोगों ने ई-रिक्शा चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की.

जानकारी के अनुसार, भदौर थाना क्षेत्र के ललपुरा गांव के पास गुड़िया देवी ई-रिक्शा से अपने घर जा रही थीं. इसी दौरान चालक की कथित लापरवाही के कारण वह ई-रिक्शा से गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं.

इलाज के दौरान मौत

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक घायल महिला को इलाज के लिए बाढ़ अस्पताल लेकर पहुंचा. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया. इलाज के दौरान पटना में गुड़िया देवी की मौत हो गई.

परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत के बाद ई-रिक्शा चालक शव को पटना में ही छोड़कर फरार हो गया. साथ ही उसने न तो परिवार को हादसे की सूचना दी और न ही मौत की जानकारी दी. बाद में जब परिजनों को घटना का पता चला तो वे पटना पहुंचे और शव को लेकर अपने गांव लौटे.

कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा

शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और ई-रिक्शा चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे. सड़क जाम के कारण कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा.

सड़क जाम की सूचना मिलते ही भदौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास किया. हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और दोषी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक गुड़िया देवी जगमलचक गांव की रहने वाली थी. वह गांव में ही एक छोटी दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं. उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दे रही है.