टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बांकीपुर उपचुनाव में अब जीविका दीदी चर्चा में हैं. इस मुद्दे पर एनडीए और प्रशांत किशोर आमने-सामने हो गए है. आज 26 तारीख है. 30 को चुनाव होना है. आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी कैंप कर रहे हैं. एक तरफ प्रशांत किशोर ने मोर्चा संभाला है, तो दूसरी तरफ भाजपा और जदयू भी मोर्चा संभाल रखा हैं. चर्चा के केंद्र में जीविका दीदी हैं. प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को 24 घंटे का समय दे दिया है. कह दिया है कि नीतीश कुमार की तरह सम्राट चौधरी की सरकार भी चुनाव में जीविका दीदी के नेटवर्क का राजनीतिक लाभ उठा रही है. जो तुरंत बंद होना चाहिए.
चुनाव आयोग अगर 24 घंटे में इस पर ठोस कार्रवाई नहीं करता है, तो जनसुराज चुनाव आयोग कार्यालय के सामने धरना देगा. कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में जीविका दीदी को वोटरों को प्रभावित करने के लिए गांव-गांव लगाया गया था. रविवार को प्रशांत किशोर ने कहा कि जीविका दीदी को चुनाव काम से अलग रखने की मांग की गई है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग समझता है कि प्रतिनिधिमंडल जाकर मिलेगा, ज्ञापन सौंपेगा और उसे दरकिनार कर दिया जाएगा. फिर चुनाव के बाद सरकार कहेगी कि जनता हमारे पक्ष में है. लेकिन सच्चाई यह है कि जीविका दीदी वोटरों को समझाती है कि सत्ता के उम्मीदवार अगर नहीं जीते, तो गेहूं, चावल मिलना बंद हो जाएगा. पेंशन आनी बंद हो जाएगी,अन्य सरकारी सेवाओं पर नए जनप्रतिनिधि रोक लगा देंगें.
इस डर और लालच से लोग नहीं चाहते हुए भी उन्हें वोट दे देते है. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी बांकीपुर से हार रही है. इसलिए पार्टी के सभी नेता लगे हुए हैं. पटना से दिल्ली तक के नेता जुटे हुए हैं. किसी को समझाया जा रहा है तो किसी को डराया जा रहा हैं. दूसरी और पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है. पार्टी भारी मतों से जीतेगी. रविवार को वह भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में एनडीए की प्रेस वार्ता में बोल रहे थे. उनके साथ जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार और भाजपा एमएलसी नवल किशोर यादव भी थे. रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि जीविका दीदी पर प्रशांत किशोर गलत आरोप लगा रहे है. वे राजनीति के सर्वेयर रहे हैं. उनकी राजनीतिक सक्रियता नहीं रही है. वे धनवाल का दुरुपयोग कर रहे हैं और परेशानी में हैं. हार मान चुके हैं.
रविशंकर प्रसाद ने दावा किया कि चुनाव में सत्ता का कोई दुरुपयोग नहीं हो रहा है. इधर जदयू के प्रमुख प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि जनसुराज के लोग एक होटल में ठहरने के बाद भी पैसा नहीं दे रहे हैं जनता को बरगला रहे हैं. परिवार की कंपनी बना रखी हैं. भाजपा उम्मीदवार सामान्य कार्यकर्ता हैं. भाजपा के विधान पार्षद नवल किशोर यादव ने कहा कि प्रशांत किशोर चुनावी मैदान में भ्रम पैदा कर रहे हैं, जीविका दीदी के बहाने महिलाओं को अपमानित किया जा रहा है.
