☰
Bihar

कौन है झारखंड -बिहार का कुख्यात भगत यादव,रेड में क्यों शामिल किया गया था एक एएसपी, 11 डिप्टी एसपी और 350 जवानो को ??

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

TNP DESK-| कौन है बिहार-झारखंड  का दबंग सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव, जिसके ठिकाने पर छापामारी करने के लिए लगभग 350 पुलिस कर्मियों की टीम लगाई गई थी.  एक एएसपी और 11 डिप्टी एसपी भी टीम शामिल थे.  भगत यादव का केवल बिहार ही नहीं, बल्कि झारखंड में भी जाल फैला हुआ है.  बता दें कि बिहार की आर्थिक अपराध इकाई ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की.  बिहार और झारखंड के 11 ठिकानों पर एक साथ छापामारी की गई.  सुबह 6:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चली इस कार्रवाई में भगत यादव, उसकी पत्नी, बेटा और एक सहयोगी समेत  चार लोगों को गिरफ्तार किया गया.  छापेमारी में भारी मात्रा में नगद , र जमीन रजिस्ट्री के डीड , एग्रीमेंट के  दस्तावेज समेत कई महत्वपूर्ण कागजात बरामद किए गए है. 

झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज में कई जगहों पर छापेमारी की गई
 
झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज में कई जगहों पर छापेमारी की गई.  छापेमारी के बाद टीम ने भगत यादव गिरोह द्वारा अपराध से अर्जित  अकूत संपत्ति का खुलासा किया है.  दरअसल यह  करवाई एक दिन में नहीं हुई, गोपनीय तरीके से पूरी जानकारी जुटाई  गई.  पिछले दो दशक के आपराधिक रिकार्ड और कथित अवैध संपत्ति का डिटेल्स  एकत्र किया गया.  फिर 26 नवंबर को आर्थिक अपराध थाने में प्राथमिकी  दर्ज की गई.  11 लोगों को नामजद  किया गया, ऑपरेशन को पूरी तरह गोपनीय रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने विशेष रणनीति तैयार की थी.  गुरुवार देर रात आर्थिक अपराध इकाई की टीम पटना से रवाना हुई, इसके लिए ए एसपी रैंक के एक अधिकारी के नेतृत्व में 11 डीएसपी और करीब 350 पुलिसकर्मियों की टीम गठित की गई थी.  सुबह अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की गई.  हालांकि कुछ जगहों पर अहले  सुबह कार्रवाई की गई. 
 
छापेमारी का मुख्य केंद्र गया,पटना और झारखण्ड था 
 
छापेमारी का मुख्य केंद्र गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र रहा.  भगत यादव के डोभी स्थित आवास से उनके बेटे को गिरफ्तार किया गया.  यहां तलाशी के दौरान नगदी , जमीन रजिस्ट्री के डीड  और एग्रीमेंट के  दस्तावेज समेत अन्य कागजात मिले हैं.  वहीं गया एयरपोर्ट के सामने डीएवी कैंट एरिया स्कूल के पीछे स्थित कालोनी में छापेमारी कर सहयोगी राजेश राज उर्फ रोशन शर्मा को गिरफ्तार किया गया.  उसके ठिकाने से जमीन खरीद बिक्री से जुड़े  दस्तावेज मिले।  टीम ने पटना की बुद्ध कॉलोनी स्थित आवास पर भी छापेमारी की.  यहां से भगत यादव और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया.  इस ठिकाने से भारी नगद  और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए.  जांच एजेंसी अब बरामद दस्तावेजों के आधार पर जांच कर रही है.  जानकारी के अनुसार औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में भी रेड किया गया.  झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में तीन नाम जद  लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की गई है.  

भगत यादव का पूरा डिटेल्स निकालने  के बाद की गई कार्रवाई 

प्राथमिकी के अनुसार, भगत यादव पिछले 20 से 21 वर्षों से कथित तौर पर संगठित गिरोह के साथ आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है. उस पर गरीब ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जा, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से रंगदारी, हथियार के बल पर लूट, फिरौती के लिए अपहरण, अवैध बालू खनन और भंडारण, हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आरोप हैं. EOU का आरोप है कि उसने आपराधिक गतिविधियों के जरिये बड़ी मात्रा में अवैध संपत्ति अर्जित की है.जांच में भगत यादव के खिलाफ बिहार और झारखंड के अलग-अलग थानों में दर्ज करीब 25 प्राथमिकी का ब्योरा सामने आने की बात कही गयी है. इनमें गया जिले के टिकारी, रामपुर, कोतवाली, बोधगया, शेरघाटी, डोभी और बाराचट्टी के अलावा झारखंड के बोकारो और धनबाद जिले के थानों से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं. EOU अब इन मामलों और कथित बेनामी संपत्तियों के बीच संबंधों की जांच कर रही है.