Bihar

कौन हैं वीणा मानवी? जिनकी उम्मीदवारी और गिरफ्तारी से गरमाई है बिहार की सियासत, पढ़िये 

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
कौन हैं वीणा मानवी? जिनकी उम्मीदवारी और गिरफ्तारी से गरमाई है बिहार की सियासत, पढ़िये 

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राज्य में सियासी हलचल तेज है. एक तरफ जहां सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने एनडीए उम्मीदवार को मैदान में उतारा है, वहीं दूसरी तरफ बिहार के लिए नई पार्टी जेजेपी,जनशक्ति जनता दल यानी तेज प्रताप यादव की पार्टी ने वीणा मानवी को अपना प्रत्याशी बनाया है. नामांकन के बाद सोमवार को पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, जिसके बाद हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.हालांकि, कुछ देर बाद वीणा मानवी को बेल देकर छोड़ दिया गया.वही उनकी बेटी ने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उनकी मां का भी एनकाउंटर कर दिया जाएगा, क्योंकि बिहार में जो भी भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसका एनकाउंटर कर दिया जाता है, जैसा कि भरत तिवारी के मामले में हुआ. वीणा मानवी से जुड़े इस विवाद के बाद अब लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर वीणा मानवी कौन हैं? आइए जानते है.

वीणा मानवी को लेकर बिहार में गरमाई है सियासत

इन दिनों बिहार की राजनीति में जन सुराज के प्रशांत किशोर या बीजेपी उम्मीदवार से ज्यादा चर्चा अगर किसी की हो रही है, तो वह तेज प्रताप यादव की पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी है. नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस ने उन्हें सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था. रोती-बिलखती और खुद को छोड़ने की गुहार लगाती वीणा मानवी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ.ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वीणा मानवी कोई बड़ा राजनीतिक चेहरा हैं, या फिर उन्होंने बिहार के लिए कोई बड़ा काम किया है. तो आपको बता दें कि वीणा मानवी महिला विकास मंच नाम की एक संस्था चलाती है. इस संस्था के माध्यम से वे बिहार के ऐसे परिवारों की मदद करती हैं, जहां पति-पत्नी या परिवार के अन्य सदस्यों के बीच घरेलू विवाद होते है. उनकी संस्था ऐसे मामलों को सुलझाने का काम करती है.हालांकि, इस संस्था को लेकर वह पहले भी कई बार विवादों में रह चुकी है.कई लोगों ने उन पर पैसे ठगने के आरोप भी लगाए है.

 कौन हैं वीणा मानवी? 

हालांकि, पिछले कई वर्षों से वह बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार लोगों के बीच काम कर रही है. समाज की छोटी-छोटी समस्याओं को सुलझाना, पारिवारिक विवाद खत्म कराना और लोगों की मदद करना उनके काम का हिस्सा रहा है. क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है.खासकर महिलाओं के मुद्दों को उठाने और उनकी आवाज बुलंद करने की वजह से महिला मतदाताओं के बीच उनकी अच्छी पहचान है.सोशल मीडिया पर भी उनके करीब 5 लाख फॉलोअर्स है.वीणा मानवी खास तौर पर महिलाओं के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर मुखर रहती है.

कब सबसे पहले हुई हाईलाइट ?

अब आपको बताते हैं कि वीणा मानवी सबसे पहले चर्चा में तब आई जब पिछले साल भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के रिश्ते से जुड़े विवाद हुआ.इसको लेकर वीणा मानवी ने सोशल मीडिया पर कई बयान दिए थे, जिसके बाद वह सुर्खियों में आई थी. इसके अलावा हाल ही में पटना के चर्चित शिक्षक खान सर के खान ग्लोबल स्टडीज़ संस्थान पर हुई फायरिंग के मामले में भी उन्होंने ऐसा बयान दिया था, जिसे लेकर उन्हें काफी ट्रोल किया गया.उन्होंने रोशन आनंद के ज्ञान बिंदु को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी और रोशन सर के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था. इन्हीं वजहों से वह समय-समय पर सोशल मीडिया पर विवादों में भी घिरती रही है.

 पत्रकारिता भी कर चुकी है वीना मानवी

वीणा मानवी वैश्य समाज से आती है. उनका जन्म 27 मार्च 1977 को एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था. उनके पिता एस.एन. चौधरी केंद्रीय विद्यालय में हेडमास्टर थे, जबकि उनकी मां गृहिणी थी. वीणा मानवी ने झारखंड के बोकारो जिले में अपनी प्रारंभिक पढ़ाई की. इसके बाद वह पत्रकारिता से भी जुड़ीं और फिर सामाजिक कार्यों में सक्रिय हो गई. बिहार में महिलाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ और बांकीपुर क्षेत्र में उनकी पहचान को देखते हुए तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी से उन्हें उम्मीदवार बनाया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि महिलाओं के बीच उनकी पहचान और सामाजिक सक्रियता उन्हें चुनाव में कितना फायदा दिला पाती है.