Bihar

आखिर कब सुधरेंगे लोग! टोना-टोटका के शक में महिला समेत पूरे परिवार की जमकर पिटाई

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
आखिर कब सुधरेंगे लोग! टोना-टोटका के शक में महिला समेत पूरे परिवार की जमकर पिटाई

बाढ़ (BARH):पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास के चलते एक महिला और उसके परिवार पर जानलेवा हमला किया गया.जानकारी के अनुसार, राणाबीघा गांव में कुछ दबंग लोगों ने एक महिला पर “डायन बिसाही” का आरोप लगाकर उसे और उसके परिजनों को लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा.

पढ़े क्या है पीड़ित महिला का आरोप

पीड़िता मधु देवी का कहना है कि कुछ दिन पहले गांव में एक महिला की बीमारी से मौत हो गई थी.मृतका के पति मनोरंजन सिंह ने मधु देवी पर टोना-टोटका कर उसकी पत्नी की मौत का आरोप लगाया, जिसके बाद यह हमला हुआ. बताया जाता है कि मनोरंजन सिंह सरकारी विभाग में कार्यरत है.घटना उस समय हुई जब मधु देवी मंदिर से पूजा कर घर लौट रही थी. इसी दौरान नागो सिंह, गणेश सिंह समेत कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया.

पहले भी जान से मारने की मिली थी धमकी

 महिला को बचाने के लिए उनकी बेटी गुड़िया, पति मिथिलेश सिंह और अन्य परिजन पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और सभी की जमकर पिटाई कर दी.आरोप है कि हमलावरों ने सभी को जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल मधु देवी का इलाज बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है.

जमीन है इसके पीछे की वजह

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि विवादित जमीन पर भी आरोपियों ने पहले से कब्जा कर रखा है और आए दिन किसी न किसी बहाने परिवार के साथ मारपीट करते रहते है.इस मामले में मधु देवी ने बाढ़ थाने में डायन बिसाही के आरोप में जानलेवा हमले की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.