पटना: बाकीपुर के विधायक की पार्टी जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के साथ बदसुलूकी और मारपीट की कोशिश का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में हमला करने वाला व्यक्ति उनकी गाड़ी में घुस कर मारपीट करने की कोशिश करता दिख रहा है. हालांकि आसपास खड़े लोगों ने व्यक्ति को पकड़ लिया. वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. वीडियो के संबंध में दावा किया जा रहा है कि बदसुलूकी करने वाला एक वाहन वेंडर है जिसका दावा है कि पार्टी के पास उसका करीब 70 लाख रुपया बकाया है. मामले को लेकर भाजपा और जन सुराज ने एक दूसरे के ऊपर हमला किया है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब 15 से 20 दिन पुराना है. दावा है कि मनोज भारती जब जन सुराज पार्टी कार्यालय से कार में बैठकर निकल रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें कार्यालय परिसर में ही घेर लिया.
70 लाख रुपए बकाया का आरोप
जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती पर हमला करने की कोशिश करने वाला व्यक्ति एक वाहन वेंडर बताया जा रहा है. उसका आरोप है कि पार्टी के ऊपर गाड़ियों का करीब 70 लाख रुपया बकाया है जबकि भुगतान को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया जा रहा है. इसी बात से खीज कर उसने मनोज भारती पर हमले की कोशिश की.
भाजपा ने पीके को कहा 'जालसाज'
मामले को लेकर भाजपा ने जन सुराज और प्रशांत किशोर पर जोरदार हमला किया है. भाजपा के प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने वीडियो शेयर करते हुए कहा कि देख रहे हैं न क्या हो रहा है. हमने पहले की कहा था कि प्रशांत किशोर राजनीतिज्ञ नहीं बल्कि राजनीतिक व्यापारी हैं. हमने उनसे उनके यात्रा का ब्यौरा भी मांगा था लेकिन आज तक वह सामने नहीं आया. प्रशांत किशोर असल में जालसाज किशोर हैं. उनकी पार्टी धन किशोर की सच्चाई इस वीडियो में दिख रही है. जन सुराज पूरी की पूरी जालसाजी है काला धन सफेद करने की और बिहार के लोगों को बहलाने की।
जन सुराज का आरोप 'राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है'
मामले में जन सुराज प्रवक्ता सोनाली आनंद ने भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बीजेपी खुद को देश की सबसे बड़ी पार्टी बताती है और राष्ट्रहित में काम करने का दावा करती है, लेकिन उसके वादों और कामकाज में अंतर है. सोनाली आनंद ने बीजेपी पर ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल को लेकर भी आरोप लगाए. सोनाली आनंद ने मनोज भारती के साथ कथित बदसलूकी को बिहार के राजनीतिक और कानून-व्यवस्था के माहौल से जोड़ते हुए बीजेपी पर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और इसके लिए बीजेपी का बनाया राजनीतिक इकोसिस्टम जिम्मेदार है.
थाना में दिया था आवेदन
जानकारी के अनुसार मनोज भारती ने मामले को लेकर पाटलिपुत्र थाना में आवेदन भी दिया है. पुलिस के अनुसार, आवेदन सूचना देने के उद्देश्य से दिया गया था और उसमें प्राथमिकी दर्ज करने की मांग नहीं की गई थी. पुलिस ने बताया था कि जांच के दौरान जन सुराज की ओर से दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की जानकारी दी गई. कथित रूप से बदसलूकी करने वाले व्यक्ति के माफी मांगने की बात भी कही गई थी. इसी आधार पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई.
रिपोर्ट: मंजश कुमार
