☰
Bihar

बिहार में मौसम का यू-टर्न, पटना समेत 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. चक्रवाती तूफान के प्रभाव के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं. पटना सहित 19 जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं.

इन जिलों में भारी बारिश की आशंका

पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज में भारी बारिश की संभावना अधिक बताई गई है. इसके अलावा सिवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय सहित कई इलाकों में मौसम खराब रह सकता है.इन क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ गरज-चमक और बारिश देखने को मिल सकती है. लगातार बारिश होने की स्थिति में निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या भी बढ़ सकती है.

30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है. हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. गरज-चमक के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.राजधानी पटना में मौसम का बदला हुआ मिजाज जारी रहने की संभावना है. शहर और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हो सकती है. इसके साथ तेज हवा और गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है. बारिश के कारण यातायात और दैनिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है.

खराब मौसम में सावधानी बरतने की सलाह

खराब मौसम और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए. बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह भी दी गई है.

TagsBihar