Bihar

पटना: पुनपुन नदी का बढ़ा जलस्तर, रेलवे ट्रैक तक पहुंचा पानी, लक्ष्मण झूला पर आवाजाही बंद

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार में लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. राजधानी पटना और उसके आसपास भी इसका असर दिखाई देने लगा है. पुनपुन नदी का पानी लगातार बढ़ने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए नदी पर बने लक्ष्मण झूला पर लोगों की आवाजाही रोक दी है. प्रशासन ने लोगों से नदी और बाढ़ के पानी से दूर रहने की अपील की है. लोगों को नदी में नहाने, पानी में उतरने या नदी किनारे बेवजह जाने से मना किया गया है. खासकर बच्चों को बाढ़ के पानी से दूर रखने को कहा गया है. तेज बहाव और अचानक बढ़ता पानी हादसे की वजह बन सकता है.

रेलवे ट्रैक तक पहुंचा बाढ़ का पानी

पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ने से लक्ष्मण झूला के नीचे पानी काफी ऊपर तक पहुंच गया है. हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुल पर आवाजाही बंद कर दी है. अगर नदी का पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो आसपास के निचले इलाकों में भी परेशानी बढ़ सकती है. बाढ़ का असर केवल नदी किनारे तक नहीं है. जट डुमरी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के आसपास भी पानी पहुंचने की बात सामने आई है. इससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है. संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

जिला प्रशासन ने लोगों से कहा है कि बाढ़ का पानी देखने, फोटो खींचने या वीडियो बनाने के लिए नदी के पास न जाएं. जलभराव वाले इलाकों में गड्ढों और पानी की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. इसलिए थोड़ी सी लापरवाही भी खतरनाक साबित हो सकती है. किसी भी आपात स्थिति में लोगों से तुरंत प्रशासन को जानकारी देने को कहा गया है. साथ ही अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की गई है. फिलहाल पुनपुन नदी के जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर रख रहा है.

TagsBihar