Bihar

बड़ी खबर: वार्ड पार्षद के पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग, अपार्टमेंट के ऑफिस में घुसकर मारी गईं कई गोलियां

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना के बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकारम इलाके में अपराधियों ने वार्ड पार्षद के पति और पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर फायरिंग कर दी. जानकारी के मुताबिक अनिल यादव अपने अपार्टमेंट के बेसमेंट स्थित ऑफिस में बैठे हुए थे. इसी दौरान दो अपराधी वहां पहुंचे और उन पर लगातार कई गोलियां चला दीं. फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है.

बताया जा रहा है कि हमले में अनिल यादव को करीब पांच गोलियां लगी हैं. फायरिंग के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. अनिल यादव वार्ड नंबर 24 की वार्ड पार्षद ज्ञानवती देवी के पति हैं और खुद भी पूर्व में वार्ड पार्षद रह चुके हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार अपराधी दो बाइक से अपार्टमेंट तक पहुंचे थे. इसके बाद बेसमेंट स्थित ऑफिस में घुसकर अनिल यादव को निशाना बनाया और गोलीबारी करने के बाद मौके से निकल गए. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई.

वारदात की सूचना मिलने के बाद बुद्ध कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. फायरिंग के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस संभावित कारणों और आरोपियों की तलाश को लेकर छापेमारी कर रही है. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है.

TagsBihar