Bihar

मद्यनिषेध विभाग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा,पुलिस ने संभाला मोर्चा,जानिए पूरा मामला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

बाढ़ (PATNA) : बाढ़ अनुमंडल में मद्यनिषेध विभाग की कार्रवाई के बाद जमकर हंगामा हुआ. एक युवक को पूछताछ के लिए थाने लाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने मद्यनिषेध थाने का घेराव कर नारेबाजी की. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई. बाद में 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया.

युवक को पूछताछ के लिए मद्यनिषेध थाने ले आई

जानकारी के अनुसार, मद्यनिषेध विभाग की टीम ने मलाही गांव स्थित सरकारी स्कूल के पास छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान एक ठेले से शराब की कुछ बोतलें बरामद की गईं. इसके बाद पुलिस अनिल पासवान नामक युवक को पूछताछ के लिए मद्यनिषेध थाने ले आई.

अनिल पासवान की पत्नी सीमा देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति की चिकन की दुकान है. उन्होंने कहा कि दुकान के पीछे कुछ लोग शराब बेचते हैं, लेकिन पुलिस ने उनके पति को ही पकड़ लिया. उनका दावा है कि उनके पति का शराब कारोबार से कोई संबंध नहीं है.

थाने के बाहर प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी हुई

पति को छुड़ाने की मांग को लेकर सीमा देवी के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मद्यनिषेध थाने पहुंच गए. लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की. हंगामे के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कई बार कहासुनी और हल्की झड़प भी हुई. स्थिति बिगड़ती देख 112 नंबर की पुलिस को बुलाया गया. पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया.

स्थिति सामान्य और पूरे मामले की जांच जारी

इस मामले में मद्यनिषेध थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि अनिल पासवान को केवल संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए लाया गया था. सत्यापन के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि युवक के छोड़े जाने के बावजूद कुछ लोगों ने थाने के बाहर हंगामा किया. फिलहाल स्थिति सामान्य है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

 

TagsBihar