Bihar

खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग का Video Viral ! देखिये किसने की है फायरिंग 

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पटना (PATNA):राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के मामले में अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे विवाद को फिर से चर्चा में ला दिया है.सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक शख्स हथियार लोड करने के बाद फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे है.हालांकि अभी तक पुलिस ने वीडियो की सत्यता और उसमें दिख रहे व्यक्ति की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

वायरल वीडियो में क्या है?

करीब 38 सेकंड के इस वायरल वीडियो में कोचिंग सेंटर के बाहर कुछ लोग खड़े नजर आते है. इसी दौरान एक व्यक्ति हथियार तैयार करता है और फिर गोली चलाते दिखाई देता है.स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति खान सर का बॉडीगार्ड हो सकता है, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि किसी भी आधिकारिक एजेंसी ने नहीं की है.पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह वीडियो उसी रात का है या नहीं.

2 जून का है पूरा मामला

आपको बताएं कि 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर में घुसकर कुछ लोगों द्वारा मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया था.घटना के बाद कोचिंग परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. आरोप है कि कुछ लोग जबरन संस्थान के अंदर घुसे और वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की.घटना के बाद खान सर ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि कोचिंग सेंटर में हमला हुआ और गोलीबारी भी की गई.उन्होंने बताया था कि घायल सुरक्षा गार्ड ने उन्हें फायरिंग होने की जानकारी दी थी. हालांकि बाद में खान सर ने अपने बयान में बदलाव करते हुए कहा कि उस समय माहौल काफी तनावपूर्ण था और उन्होंने जो जानकारी दी थी, वह गार्ड के बताए अनुसार थी.बाद में उन्होंने माना कि गोली चलने की बात की पुष्टि नहीं की जा सकती.

वीडियो सामने आने के बाद जांच ने नया मोड़

दूसरी तरफ पुलिस शुरू से ही फायरिंग के दावे को लेकर सावधानी बरत रही थी.पुलिस अधिकारियों का कहना था कि शुरुआती जांच में मारपीट और तोड़फोड़ के संकेत मिले थे, लेकिन गोली चलने के कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिले थे.इसी कारण पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की थी.अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया है. पुलिस वीडियो की तकनीकी जांच करा सकती है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो में दिख रही घटना कब और कहां की है.साथ ही वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान भी की जा रही है.

कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.अन्य दो आरोपियों की पहचान अभिषेक और गौरव के रूप में हुई है.पुलिस का दावा है कि कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के पीछे साजिश रची गई थी और उसी आधार पर कार्रवाई की गई है.वहीं गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने मीडिया के सामने फायरिंग की बात से इनकार किया था उनका कहना था कि घटना वाली रात कोई गोलीबारी नहीं हुई थी और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप गलत है. उन्होंने पूरे मामले को एकतरफा तरीके से पेश किए जाने का आरोप लगाया था.फिलहाल पटना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति कौन है?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति कौन है? क्या वास्तव में उस रात फायरिंग हुई थी या फिर वीडियो किसी और समय का है? इन सभी सवालों का जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है.