पटना: मंगलवार को कार्तिक महीना का पूर्णिमा है और इस अवसर पर राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था बदला रहेगा. इसे लेकर पटना ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है साथ ही लोगों से अपील की है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर यानि मंगलवार को घर से निकलने के पहले ट्रैफिक रूट अवश्य देख लें. पूर्णिमा के अवसर पर राजधानी में कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन पर रोक रहेगी जबकि कई रूट डायवर्ट किए जाएंगे. इसके साथ ही गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई.
पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज में पार्किंग
पूर्णिमा के अवसर पर गांधी मैदान के आसपास रूट में बदलाव किया गया है. इसके अनुसार कारगिल चौक से गायघाट तक सभी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगा. अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से गायघाट पुल के नीचे तक सभी प्रवेश मार्ग बंद रहेंगे. खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग बनाया गया है. वहीं कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर की तरफ वाहनों का परिचालन सामान्य रहेगा.
गायघाट जाने वाली वाहनों के लिए रूट
गायघाट जाने वाले वाहनों को पुरानी बायपास या न्यू बायपास से धनुकी मोड़, शीतला माता मंदिर और बिस्कोमान गोलंबर होते हुए पार्किंग स्थल तक भेजा जाएगा. गायघाट पुल के नीचे टेंपो और अन्य व्यावसायिक वाहनों के आने पर रोक रहेगी. अगमकुआं आरओबी की तरफ जाने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक और धनुकी मोड़ और बिस्कोमान गोलंबर की तरफ जाने वाले वाहन डंका इमली चौक तक जा सकेंगे.
जेपी सेतु पर सोनपुर से पटना नहीं आएंगी वाहन
इसके साथ ही गांधी मैदान की तरफ से गायघाट और अशोक राजपथ जाने वाले वाहनों को एक्जीबिशन रोड, राजेंद्र नगर पुल और बहादुरपुर गुमटी तथा बायपास के रास्ते आगे बढ़ाया जाएगा. गायघाट से अशोक राजपथ पर जाने वाले वाहनों को गांधी चौक से बारी पथ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा. वहीं जेपी सेतु पर सोमवार की रात 10 बजे से ही मंगलवार को 11 बजे तक सोनपुर, छपरा और हाजीपुर की तरफ से आने वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. इसके लिए लोगों को गांधी सेतु से जाने की हिदायत दी गई है. दीघा के रामजीचक से जेपी सेतु आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को पाटली पथ के उत्तरी छोड़ पर यू टर्न करवा कर पाटली पथ पर ही पार्क किया जाएगा. पाटीपुल घाट, दीघा घाट, शिवा घाट और मीनार घाट जाने वाले श्रद्धालु अपने वाहन संबंधित घाटों के निर्धारित पार्किंग में ही खड़ी करेंगे.
नगर बस सेवा के रूट में भी बदलाव
इतना ही नहीं पटना ट्रैफिक पुलिस ने नगर बस सेवा के रूट में भी बदलाव किया गया है. पटना जंक्शन और जीपीओ होते हुए बेली रोड से दानापुर या खगौल जाने वाली बसें कारगिल चौक नहीं जाएंगी. इन बसों को गांधी मैदान के गेट नंबर 10 के अंदर पार्क कराया जाएगा.